रामपुर में 30 अक्टूबर को मौसम बिगड़ने की आशंका, येलो अलर्ट जारी

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना, जिलाधिकारी ने किसानों को किया सतर्क
  • कटी फसल और खुले में रखे अनाज को सुरक्षित रखने की अपील

रामपुर। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD), लखनऊ की ओर से जारी मौसम बुलेटिन के अनुसार, चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ के संभावित प्रभाव से 30 अक्टूबर 2026 को रामपुर जनपद में मौसम प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। मौसम की संभावित स्थिति को देखते हुए जनपद के लिए येलो अलर्ट के दृष्टिगत प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने जनपदवासियों, विशेषकर किसानों से अपील की है कि वे मौसम पूर्वानुमान को गंभीरता से लें और अपनी सुरक्षा के साथ फसलों को बचाने के लिए पहले से जरूरी इंतजाम कर लें।

आकाशीय बिजली और तेज हवाओं से बचने की सलाह

प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि गरज-चमक और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों पर न रहें तथा किसी सुरक्षित पक्के भवन में शरण लें। तेज हवाएं चलने पर पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं से दूरी बनाए रखें। मौसम प्रतिकूल होने पर खेतों में कृषि कार्य रोक दें और सुरक्षित स्थान पर रहें।

किसानों को फसल और अनाज सुरक्षित रखने के निर्देश

किसानों से कहा गया है कि कटी हुई फसल और खुले में रखे अनाज को सुरक्षित स्थान पर रखें तथा जरूरत पड़ने पर तिरपाल से ढककर बचाव करें। पशुओं को भी सुरक्षित स्थान पर रखने और उनके लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की अपील की गई है।

जिलाधिकारी ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने और मौसम विभाग की नवीनतम चेतावनियों तथा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। संबंधित विभागों को भी आवश्यक सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Nation Station News | nationstationnews.com

[wps_visitor_counter]