- सेवानिवृत्त कर्मचारी के एरियर और ग्रेच्युटी की रकम दिलाने के बदले मांगी थी रिश्वत, एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ पकड़ा
रामपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मुरादाबाद से आई एंटी करप्शन टीम ने गुरुवार को रामपुर में गन्ना विभाग के कनिष्ठ सहायक प्रभारी अजय कुमार सागर को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। आरोप है कि बाबू अपने ही विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी के एरियर और ग्रेच्युटी की धनराशि निकलवाने के बदले रिश्वत मांग रहा था। शिकायत के आधार पर टीम ने जाल बिछाकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, हापुड़ जिले के गढ़ रोड स्थित प्रहलाद नगर नई मंडी निवासी रामवीर सिंह रामपुर में गन्ना पर्यवेक्षक के पद पर कार्यरत थे। वह 31 जुलाई 2025 को सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद अपने एरियर और ग्रेच्युटी की धनराशि प्राप्त करने के लिए वह काफी समय से विभाग के चक्कर लगा रहे थे।
आरोप है कि गन्ना विभाग में कनिष्ठ सहायक प्रभारी के पद पर तैनात अजय कुमार सागर ने धनराशि दिलाने के बदले उनसे 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। इससे परेशान होकर रामवीर सिंह ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन मुरादाबाद में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एंटी करप्शन टीम के निरीक्षक मोहम्मद इश्तियाक गुरुवार को टीम के साथ रामपुर पहुंचे। दोपहर करीब एक बजे शिकायतकर्ता को 500 रुपये के 40 नोट दिए गए। इन नोटों पर विशेष केमिकल लगाया गया था।
शिकायतकर्ता जैसे ही रिश्वत की रकम लेकर आरोपी बाबू के पास पहुंचा और उसने रुपये लेकर जेब में रखे, तभी एंटी करप्शन टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी के हाथ धुलवाए गए, जिसमें नोटों पर लगा केमिकल सामने आ गया। टीम ने पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई।
बताया गया कि आरोपी अजय कुमार सागर की गन्ना विभाग में नियुक्ति 2 जनवरी 2006 को हुई थी। गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन टीम आरोपी को सिविल लाइंस कोतवाली लेकर पहुंची। वहां उसके खिलाफ अभियोग पंजीकृत कराने के बाद टीम उसे अपने साथ ले गई। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता



