- गवर्नमेंट क्वार्टर ग्रेड-3 में होगी आपातकालीन अभ्यास की तैयारी
- फायरफाइटिंग, सर्च-रेस्क्यू और घायलों को निकालने का होगा अभ्यास
बठिंडा। सिविल डिफेंस की तैयारियों को परखने और आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के उद्देश्य से 27 नवंबर 2026 को रात 8 बजे बठिंडा के गवर्नमेंट क्वार्टर ग्रेड-3 क्षेत्र में मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस संबंध में गुरुवार को जिला प्रशासनिक परिसर में अधिकारियों की समीक्षा बैठक हुई।
असिस्टेंट कमिश्नर गुरजिंदर सिंह और सब डिविजनल मजिस्ट्रेट बठिंडा अमनदीप सिंह मावी ने मॉक ड्रिल की तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का होगा अभ्यास
अधिकारियों ने बताया कि मॉक ड्रिल के दौरान विभिन्न आपातकालीन ऑपरेशनों का अभ्यास किया जाएगा। इसमें आग बुझाने, सर्च एवं रेस्क्यू, प्राथमिक उपचार और चिकित्सा सहायता, घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने तथा यातायात और भीड़ नियंत्रण जैसी गतिविधियां शामिल रहेंगी।
अभ्यास का मुख्य उद्देश्य वास्तविक आपदा या आपातकालीन स्थिति में संबंधित विभागों की कार्यक्षमता और जमीनी स्तर पर आपसी समन्वय को परखना है।
लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि मॉक ड्रिल के दौरान घबराएं नहीं और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। यह सिविल डिफेंस की तैयारियों का मूल्यांकन करने के लिए आयोजित नियमित अभ्यास है।
अधिकारियों के अनुसार, ड्रिल के दौरान लगभग दो मिनट तक तेज और धीमी आवाज में सायरन बजाकर संकेत दिया जाएगा। यह अभ्यास रात 8 बजे गवर्नमेंट क्वार्टर क्लास-3, बठिंडा के निर्धारित क्षेत्र में किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि गृह मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली के निर्देशों के अनुसार राज्य के सभी जिलों में इस तरह की मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही है।
बैठक में रेडक्रॉस के सचिव दर्शन कुमार सहित एनडीआरएफ, पीएसपीसीएल, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, पुलिस विभाग और बीएसएनएल के अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: सुरेश रहेजा, प्रवीण कुमार, साहिल रहेजा



