जनगणना-2027: पंजाब की जनगणना निदेशक ने अपनी मां की कराई स्व-गणना

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • लोगों से अधिक से अधिक संख्या में स्व-गणना करने की अपील, जनगणना टीमों को सहयोग देने का आह्वान

बठिंडा, 25 नवंबर। जनगणना-2027 के दूसरे चरण के तहत स्व-गणना को बढ़ावा देने के लिए पंजाब की जनगणना निदेशक डॉ. नवजोत कौर खोसा ने बठिंडा जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अपनी मां की स्व-गणना करवाई और जिले के लोगों से भी इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

डॉ. खोसा ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्व-गणना के लिए se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी दर्ज करें और जनगणना-2027 के दूसरे चरण में अपना योगदान दें।

उन्होंने बताया कि जो लोग स्व-गणना नहीं कर पाएंगे, उनके घर जनगणना कर्मचारी 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक पहुंचकर परिवार की गणना करेंगे। इस दौरान लोगों से जनगणना टीमों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने और पूरा सहयोग देने का आग्रह किया गया।

जनगणना सेल की टीम से की मुलाकात

बठिंडा दौरे के दौरान जनगणना निदेशक ने जिला जनगणना सेल की टीम से मुलाकात की। उन्होंने टीम द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कर्मचारियों को और अधिक उत्साह एवं समर्पण के साथ काम करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त (जनरल) बठिंडा पूनम सिंह ने बताया कि उपायुक्त राजेश धीमान के नेतृत्व में जिले में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियां और कार्य जिला स्तर पर सुचारू रूप से किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में जिला जनगणना सेल के प्रभारी हरविंदर सिंह, फील्ड ट्रेनर लखविंदर सिंह एवं कुलवीर सिंह, तहसील बठिंडा के तकनीकी सहायक प्रभजोत सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

इनपुट: सुरेश रहेजा, प्रवीण कुमार, साहिल रहेजा

[wps_visitor_counter]