लोकेशन – रामपुर रिपोर्ट – शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता:
रामपुर के बिलासपुर में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। बाजार में खरीदारी करने पहुंची एक महिला के पर्स से अज्ञात चोर ने सोने के आभूषण पार कर दिए। चोरी हुए गहनों की कीमत करीब सवा दो लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद बाजार में हड़कंप मच गया। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई और गहनों की बरामदगी की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच और चोर की तलाश में जुटी है।
मामला रामपुर के बिलासपुर नगर का है। थाना केमरी क्षेत्र के गांव दनकरा निवासी नूरजहां के बेटे राशिद की 5 दिसंबर को शादी होनी है। इसी सिलसिले में शनिवार दोपहर नूरजहां अपनी भांजी समेत दो महिलाओं के साथ सब्जी मंडी स्थित एक ज्वैलर्स की दुकान पर पहुंची थीं।
यहां उन्होंने सोने की मांग पट्टी और लचकारा की मरम्मत कराई। मरम्मत के बाद दोनों आभूषण पर्स में रखकर वह तहसील रोड पर खरीदारी करने लगीं। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके पर्स से दोनों आभूषण चोरी कर लिए।
कुछ देर बाद जब महिला की नजर पर्स की खुली चेन पर पड़ी तो उनके होश उड़ गए। काफी तलाश के बाद भी गहनों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर चोरी हुए आभूषण बरामद कराने की गुहार लगाई है।
अब देखना होगा कि पुलिस बाजार में हुई इस वारदात का खुलासा कब तक कर पाती है।
विजुअल: बाजार, ज्वैलर्स की दुकान, घटनास्थल
रिपोर्ट: शाहबाज़ खान, रामपुर।



