- नए वोट बनवाने, नाम हटवाने और वोटर आईडी में संशोधन के लिए मिली सुविधा
बठिंडा, 23 नवंबर। (सुरेश रहेजा, प्रवीण कुमार, साहिल रहेजा)
भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब के निर्देशों पर मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (Special Summary Revision) के तहत रविवार को जिला बठिंडा के सभी पोलिंग बूथों पर विशेष कैंप आयोजित किए गए। इन कैंपों में मतदाताओं को वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने, नाम हटवाने और विवरण में संशोधन कराने की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी-कम-डिप्टी कमिश्नर बठिंडा राजेश धीमान ने बताया कि जिले के सभी बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं को निर्वाचन संबंधी जरूरी जानकारी देने के साथ आवेदन प्रक्रिया में सहायता प्रदान की।
उन्होंने बताया कि 1 जनवरी 2027 की पात्रता तिथि के आधार पर मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण के तहत नए मतदाता बनाने, अपात्र नाम हटाने और मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि ठीक कराने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन प्राप्त किए गए।
फॉर्म-6, 7 और 8 के जरिए लिए गए आवेदन
कैंप के दौरान नए मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए फॉर्म नंबर-6 भरवाया गया। वहीं, मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फॉर्म नंबर-7 और मतदाता विवरण में संशोधन, निवास स्थान बदलने तथा वोटर आईडी कार्ड से संबंधित सेवाओं के लिए फॉर्म नंबर-8 के माध्यम से आवेदन लिए गए।
इसके अलावा मृत मतदाताओं, डुप्लीकेट प्रविष्टियों और नियमानुसार अपात्र पाए जाने वाले नामों को हटाने की प्रक्रिया के लिए भी आवेदन प्राप्त किए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम और अन्य विवरण अवश्य जांच लें, ताकि आगामी चुनावों में मतदान के अधिकार का इस्तेमाल करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।



