सुरेश रहेजा जिला संवाददाता
बठिंडा। जनगणना-2027 को लेकर लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से गांव बल्लो निवासी एवं फेसबुक पेज ‘मौसम पंजाब दा’ के संचालक बलजिंदर सिंह मान ने जिले के नागरिकों से ऑनलाइन सेल्फ-एन्यूमरेशन प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि देश के भविष्य की योजनाओं और विकास की दिशा तय करने में जनगणना की अहम भूमिका होती है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी बेहद जरूरी है।
30 नवंबर तक घर बैठे दर्ज कराएं परिवार की जानकारी
बलजिंदर सिंह मान ने बताया कि सरकार की ओर से नागरिकों की सुविधा के लिए ऑनलाइन सेल्फ-एन्यूमरेशन की व्यवस्था शुरू की गई है। यह सुविधा 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी। इसके माध्यम से लोग घर बैठे अपने और अपने परिवार की आवश्यक जानकारी ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं।
जनगणना देश की विकास योजनाओं का महत्वपूर्ण आधार
बलजिंदर सिंह मान ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि इसके आधार पर भविष्य की नीतियों, सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार की जाती है। इसलिए हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए इसमें भाग लेना चाहिए।
उन्होंने बताया कि जनगणना के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए जिले में विभिन्न स्थानों पर जागरूकता शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं। मेरिटोरियस स्कूल बठिंडा, नगर पंचायत कोठा गुरु, ग्रीन सिटी फेज-1 और नगर निगम बठिंडा में लगाए गए शिविरों के माध्यम से लोगों को जनगणना के महत्व और इसमें सहयोग करने की जानकारी दी गई है।
अपील: जिले के सभी नागरिक 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन सेल्फ-एन्यूमरेशन की सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।



