- जेल की अंधेरी कोठरी और परिवार की यादों का जिक्र करते हुए भावुक हुए आजम खान, बोले- बदला नहीं, हमें सिर्फ इंसाफ चाहि
रामपुर से शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता।
रामपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद आजम खान ने हिंदू-मुस्लिम एकता और आपसी भाईचारे का संदेश देते हुए कहा कि अब जाति और धर्म के नाम पर नफरत फैलाने का दौर खत्म होना चाहिए। देश में मोहब्बत, आपसी सद्भाव और इंसानियत का माहौल कायम करने की जरूरत है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समाज में नफरत बढ़ती रही तो देश की एकता और अखंडता के सामने गंभीर संकट खड़ा हो सकता है।
समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती पर आजम खान रामपुर स्थित सपा कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने नेताजी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आजम खान ने समाजवादी पार्टी की स्थापना और शुरुआती संघर्ष के दिनों से जुड़े कई पुराने राजनीतिक संस्मरण साझा किए। उन्होंने मुलायम सिंह यादव के साथ अपने शुरुआती राजनीतिक सफर, आपसी तालमेल और पार्टी को मजबूत बनाने के लिए किए गए संघर्षों को याद किया। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने के साथ समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का प्रयास किया था।
जेल के अनुभव सुनाते हुए छलका दर्द, बोले- बदला नहीं, इंसाफ चाहिए
अपने संबोधन के दौरान आजम खान जेल में बिताए दिनों और परिवार से दूर रहने की पीड़ा का जिक्र करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने बताया कि जेल की अंधेरी कोठरी में बिताई गई एक-एक रात इंसान को भीतर तक तोड़ देती है। उनके संबोधन में व्यक्तिगत संघर्ष और पीड़ा साफ झलकी।
आजम खान ने अपनी तकलीफों के साथ बेरोजगार युवाओं की परेशानी, आत्महत्या करने को मजबूर किसानों और इंसाफ की उम्मीद लगाए बैठे लोगों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि बदला लेना घटिया लोगों का काम है, उन्हें बदला नहीं बल्कि इंसाफ चाहिए। बिना किसी राजनीतिक दल का नाम लिए उन्होंने कहा कि जो लोग लोगों से उनकी आजादी छीनना चाहते हैं, उनके मंसूबों को कामयाब नहीं होने देना चाहिए।
अंग्रेजों की फूट डालो नीति का किया जिक्र, एकजुटता की अपील
आजम खान ने हिंदू-मुस्लिम एकता पर जोर देते हुए अंग्रेजों की फूट डालो और राज करो की नीति का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने हिंदू-मुसलमानों के बीच मतभेद पैदा करके लंबे समय तक भारत पर शासन किया और देश को गुलाम बनाए रखा। आज भी समाज को बांटने वाली ताकतों से सतर्क रहने की जरूरत है।
उन्होंने लोगों से जाति और धर्म की दीवारों से ऊपर उठकर आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के साथ रहने की अपील की। मुलायम सिंह यादव की जयंती पर आजम खान का यह संबोधन जहां पुराने समाजवादी संघर्षों की याद दिलाता नजर आया, वहीं इसमें सामाजिक एकता, इंसाफ और मोहब्बत का संदेश भी प्रमुखता से सामने आया।
Nation Station News | देश की हर खबर, निष्पक्ष नजर



