- नवदिया स्थित कार्यालय में आयोजित हुआ कार्यक्रम, रजत क्रान्तिकारी ने कहा- नेताजी ने कमजोर, वंचित और शोषित वर्गों को उनके अधिकारों के लिए लड़ना सिखाया
मोहम्मद इसरार जिला संवाददाता फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद। समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्रद्धेय मुलायम सिंह यादव की जयंती जनपद में जगह-जगह श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर महानगर समाजवादी पार्टी के निवर्तमान महासचिव रजत क्रान्तिकारी के नवदिया स्थित कार्यालय पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महानगर समाजवादी पार्टी के निवर्तमान महासचिव रजत क्रान्तिकारी ने कहा कि नेताजी ने जीवनभर सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ी। उन्होंने कमजोर, बेबस, लाचार, दिव्यांग, शोषित और वंचित वर्गों को उनके अधिकार दिलाने के साथ ही उनमें स्वावलंबन और आत्मसम्मान की चेतना जागृत की। नेताजी ने समाज के दबे-कुचले वर्गों को अपने हक और अधिकारों के लिए संघर्ष करना सिखाया।
उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने नौजवानों, बेरोजगारों, कामगारों, किसानों और व्यापारियों सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के अधिकारों की आवाज बुलंद की। उनका राजनीतिक जीवन सामाजिक समानता, संघर्ष और जनसेवा के लिए सदैव याद किया जाएगा।
इस दौरान जहां सिंह लोधी, समीर यादव, युवजन सभा के निवर्तमान प्रदेश सचिव प्रवेश कटियार, अजय कटियार, समाजवादी पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष राजीव शाक्य, जियाउद्दीन एडवोकेट, मुन्ना यादव और मसरूर खां ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में श्याम प्रकाश, सरदार रामपाल सिंह, रामजी मिश्रा, सेंकी यादव, अफसान खां, शक्ति यादव, पेशकर प्रधान, गोविंद यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे। सभी ने नेताजी के बताए सामाजिक न्याय और समानता के रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।



