रामपुर में हवाई हमले और ब्लैकआउट से निपटने के लिए मॉक ड्रिल, छह कैजुअल्टी का बनाया गया काल्पनिक परिदृश्य

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • तीन गंभीर घायल, दो सामान्य घायल और एक मृतक दिखाया गया; प्रशासन ने परखी राहत एवं बचाव की तैयारियां
  • विभिन्न विभागों की टीमों ने किया रेस्क्यू ऑपरेशन, घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने का किया अभ्यास

शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर 

रामपुर। हवाई हमले और ब्लैकआउट जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए रामपुर में सोमवार को प्रशासन की ओर से मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। शासन के निर्देशों पर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के मार्गदर्शन में शाम 6:05 बजे पनवड़िया स्थित सद्भावना मंडप में आयोजित इस अभ्यास के जरिए आपदा के समय प्रशासनिक तैयारियों, राहत एवं बचाव कार्यों तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की स्थिति को परखा गया।

मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस, अग्निशमन, नागरिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत सहित अन्य संबंधित विभागों की टीमों ने हिस्सा लिया। अभ्यास में हवाई हमले की काल्पनिक स्थिति बनाकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। इसमें घायलों को सुरक्षित निकालने, प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराने और एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।

अभ्यास के दौरान कुल छह कैजुअल्टी का काल्पनिक परिदृश्य तैयार किया गया। इनमें तीन गंभीर घायल, दो सामान्य घायल और एक मृतक दर्शाया गया। रेस्क्यू टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल रेफर करने का अभ्यास भी किया गया।

प्रशासन के मुताबिक इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में सभी विभागों की तत्परता और त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना है, ताकि वास्तविक संकट के समय जन-धन की हानि को कम किया जा सके।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पुष्पेंद्र पटेल, अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह, नगर मजिस्ट्रेट सालिक राम, उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा, जिला आपदा विशेषज्ञ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

[wps_visitor_counter]