नकवी का विपक्ष पर तीखा हमला, बोले- चुनाव से पहले अब्दुल ‘दिलरुबा परवाना’, चुनाव बाद बना दिया जाता है ‘दिलजला दीवाना’

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • मुस्लिम वोटों की ठेकेदारी करने वालों पर साधा निशाना, बोले- दशकों से मुसलमानों को दरी बिछाने और उठाने तक सीमित रखा
  • सपा-कांग्रेस गठबंधन पर तंज, कहा- गठबंधन की गठरी में जितने छेद, उससे ज्यादा नेताओं के बीच महत्वाकांक्षी मतभेद

शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर 

रामपुर। निवर्तमान केंद्रीय कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव मुख्तार अब्बास नकवी ने उत्तर प्रदेश की सियासत, मुस्लिम वोटों की कथित ठेकेदारी और विपक्षी गठबंधन को लेकर तीखे बयान दिए। विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए नकवी ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव से पहले अब्दुल को ‘दिलरुबा परवाना’ कहने वाले ही चुनाव के बाद उसे ‘दिलजला दीवाना’ बना देते हैं।

नकवी ने मुस्लिम वोटों की बंदरबांट की राजनीति पर कटाक्ष करते हुए कहा कि चुनावी अखाड़े में अब्दुल को पंचिंग बैग बनाकर उसके जख्मों पर नमक छिड़कने वाले छद्म सेक्युलर सिंडिकेट की सांप्रदायिक सियासत और साजिशों से सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि दशकों से मुस्लिम समाज को दरी बिछाने, उठाने और दरी पर बैठाने तक सीमित रखने वाले राजनीतिक दलों ने उसके मकान को ही दरी की दुकान बना दिया है।

उन्होंने कहा कि चुनाव के समय गले लगाने और चुनाव के बाद गला दबाने वाले कथित सेक्युलर नेताओं की राजनीति ने भारतीय मुसलमानों के राजनीतिक, सामाजिक और शैक्षणिक सशक्तिकरण को बंधक बना रखा है। वोटों के थोक ठेकेदारों ने मुसलमानों को विकास की फुटकर हिस्सेदारी से भी वंचित रखा। भाजपा से दूरी को मुस्लिम समाज की सियासी मजबूरी बनाकर उसका राजनीतिक शोषण किया जाता रहा है, जो देश और मुसलमानों दोनों के हित में नहीं है।

विपक्षी गठबंधन पर भी कसा तंज

विपक्षी एकता की कोशिशों पर निशाना साधते हुए नकवी ने कहा कि रंग-बिरंगे रणछोड़ बहादुरों का रंगमंच तैयार करने की कोशिश हो रही है। कोई तोप मांग रहा है तो कोई तमंचे की मंजूरी देने को भी तैयार नहीं है। एक सामंती पार्टी 200 सीटें मांग रही है, जबकि दूसरा दल 20-30 से अधिक सीटें देने को तैयार नहीं है। इसे बिना वैकेंसी का वितंडा ही कहा जा सकता है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में विपक्षी गठबंधन की गठरी में जितने छेद हैं, उससे ज्यादा उनके बीच महत्वाकांक्षी मतभेद हैं। इन मतभेदों को दूर करने में चुनाव निकल जाएगा और गठबंधन सिमट जाएगा। उन्होंने विपक्ष की स्थिति को ‘सूत न कपास, आपस में लट्ठम-लट्ठा’ जैसी बताया।

सपा-कांग्रेस पर सत्ता के लिए बेचैनी का आरोप

नकवी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि सत्ता की लालसा में जुटे सामंती सूरमाओं का गुरूर चुनावी मैदान में बार-बार टूट रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में 2027 के चुनाव से पहले ही झांसे की झालर में शॉर्ट सर्किट दिखाई देने लगा है। उनके मुताबिक, कांग्रेस और सपा का गठजोड़ एक बार फिर जनता के जनादेश के सामने चारों खाने चित होगा।

नकवी ने दावा किया कि देश और प्रदेश में आने वाले कई दशकों तक सत्ता में वापसी की कोई वैकेंसी नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि भाजपा का शासन समावेशी विकास, समाज की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण की गारंटी है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को ऐसी सरकार चाहिए जो दबंगों, दंगाइयों, बाहुबलियों और बलवाइयों पर सख्ती करे तथा आम जनता को सुरक्षा और सम्मान दे।

कई कार्यक्रमों में हुए शामिल

पत्रकारों से बातचीत से पहले मुख्तार अब्बास नकवी ने भाजपा के आगामी कार्यक्रमों को लेकर प्रमुख पदाधिकारियों के साथ चर्चा की। वह सीगनखेड़ा में आयोजित सामाजिक कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके अलावा खेतान फर्टिलाइजर्स के पुटिंग एवं चिपिंग एरिया के उद्घाटन समारोह में भी पहुंचे।

सर्किट हाउस में उन्होंने जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों एवं आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की।

इन कार्यक्रमों में भाजपा जिला अध्यक्ष हरीश गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, महासिंह राजपूत, सुभाष भटनागर, कपिल आर्य, ओम प्रकाश लोधी, महेंद्र लोधी, सोनू लोधी, विनेश गंगवार, टेकचंद गंगवार, वसीम खान, बशीर अहमद मोलाई, पंकज लोधी, कुंवर पाल सिंह यादव, भागीरथ गंगवार, विष्णु गंगवार, भूकन लोधी, मिथलेश सिंह, अरशद, शाहीन काज़मी और मोहसिन नकवी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

[wps_visitor_counter]