- मोटरसाइकिल के पास संदिग्ध हालत में खड़े थे दोनों आरोपी, पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की
- एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज, अदालत ने दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा
सुरेश रहेजा जिला संवाददाता
बठिंडा, 19 नवंबर। (सुरेश रहेजा) पंजाब के बठिंडा जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फूल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गश्त के दौरान दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 100 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और रेडमी मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया है।
पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर 2026 को थाना फूल की पुलिस टीम ढिपाली नहर पुल से गांव धींगड़ की ओर गश्त कर रही थी। इसी दौरान गांव रईया वाले मोड़ से करीब 100 मीटर पहले दो युवक मोटरसाइकिल के पास संदिग्ध परिस्थितियों में खड़े दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों घबरा गए और मौके से भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उनके पास से पारदर्शी मोम के लिफाफे में रखी 100 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जतिंदर सिंह उर्फ गुरप्यार पुत्र जगपाल सिंह और सुखदीप सिंह उर्फ दीपू पुत्र सतनाम सिंह, निवासी गांव भैणी, थाना नथाना, जिला बठिंडा के रूप में हुई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21बी/61/85 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने 18 नवंबर को आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
नशे के खिलाफ अभियान तेज
यह कार्रवाई एसएसपी बठिंडा सुहैल कासिम मीर (आईपीएस) के निर्देशों पर, एसपी इन्वेस्टिगेशन मनोज गोरसी (पीपीएस) के मार्गदर्शन तथा डीएसपी फूल मनोज कुमार (पीपीएस) के नेतृत्व में की गई। बठिंडा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



