- बठिंडा में जनगणना अभियान की शुरुआत, 30 नवंबर तक घर बैठे ऑनलाइन कर सकेंगे स्व-गणना
- 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक घर-घर पहुंचेंगे जनगणना कर्मचारी, ऑनलाइन जानकारी का भी होगा सत्यापन
सुरेश रहेजा जिला संवाददाता
बठिंडा, 19 नवंबर। जनगणना 2027 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बठिंडा के प्रिंसिपल सेंसस ऑफिसर एवं डिप्टी कमिश्नर राजेश धीमान और एसएसपी सुहैल कासिम मीर ने स्वयं आधिकारिक पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर स्व-गणना प्रक्रिया में हिस्सा लिया। दोनों अधिकारियों ने जिले के नागरिकों से भी इस महत्वपूर्ण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
डिप्टी कमिश्नर राजेश धीमान ने बताया कि स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से शुरू हो चुकी है, जो 30 नवंबर 2026 तक चलेगी। इसके तहत नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in या उपलब्ध बारकोड के माध्यम से घर बैठे अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। इससे लोगों को अपनी सुविधा और समय के अनुसार विवरण भरने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि स्व-गणना के बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनगणना कर्मचारी घर-घर जाकर जानकारी का सत्यापन करेंगे। नागरिकों को ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्राप्त सेल्फ-एन्यूमरेशन आइडेंटिफिकेशन नंबर (SEID) कर्मचारियों को दिखाना होगा।
ऐसे करें घर बैठे ऑनलाइन स्व-गणना
नागरिकों को सबसे पहले आधिकारिक पोर्टल पर जाकर स्व-गणना का विकल्प चुनना होगा। इसके बाद राज्य के रूप में पंजाब का चयन कर सुरक्षा कोड भरना होगा। परिवार के मुखिया का नाम, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी दर्ज करने के बाद ओटीपी से मोबाइल नंबर सत्यापित करना होगा।
फॉर्म जमा करने से पहले सभी जानकारियों की अच्छी तरह जांच करना जरूरी है। सफलतापूर्वक फॉर्म जमा होने के बाद प्राप्त SEID नंबर को सुरक्षित रखना होगा, ताकि सत्यापन के दौरान जनगणना कर्मचारी को दिखाया जा सके।
सभी विभागाध्यक्षों को दिए गए निर्देश
एसएसपी सुहैल कासिम मीर ने जिले के नागरिकों से अपील की कि वे स्व-गणना प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं। वहीं प्रशासन की ओर से सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने कार्यालयों में तैनात कर्मचारियों की ऑनलाइन स्व-गणना सुनिश्चित कराएं और इस संबंध में प्रमाण पत्र भी जमा करें।
इस अवसर पर नगर निगम के मेयर पदमजीत सिंह मेहता, नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन जतिंदर सिंह भल्ला, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर पूनम सिंह, नगर निगम कमिश्नर लवजीत कलसी, एसडीएम बठिंडा अमनदीप सिंह मावी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


