- धारा-24 के मामलों में मौके पर वीडियोग्राफी अनिवार्य, लापरवाही पर होगी जवाबदेही
मोहम्मद इसरार जिला संवाददाता फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद। अमृतपुर तहसील सभागार में आयोजित तहसील समाधान दिवस में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों का निस्तारण महज औपचारिकता बनकर न रह जाए। प्रत्येक मामले में स्थलीय सत्यापन कर वास्तविक स्थिति की जांच की जाए और ऐसी प्रभावी कार्रवाई हो, जिससे शिकायतकर्ता भी संतुष्ट हो सके। जिन मामलों में मौके पर जांच की आवश्यकता है, उनमें अधिकारी स्वयं पहुंचकर निरीक्षण करें।
धारा-24 के मामलों में वीडियोग्राफी के निर्देश
राजस्व विभाग से जुड़े धारा-24 के मामलों को लेकर जिलाधिकारी ने विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि की पैमाइश एवं सीमांकन के दौरान तहसील स्तर के क्षेत्रीय अधिकारी मौके पर अनिवार्य रूप से वीडियोग्राफी कराएं। इससे कार्रवाई में पारदर्शिता बनी रहेगी और निष्पक्ष कार्यवाही का रिकॉर्ड भी सुरक्षित रहेगा। उन्होंने राजस्व मामलों में लापरवाही और अनावश्यक देरी पर नाराजगी जताते हुए नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में निस्तारित किया जाए। शिकायतकर्ता को कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए, ताकि उसे अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय, उप जिलाधिकारी अमृतपुर श्वेता साहू, क्षेत्राधिकारी अमृतपुर राजेश कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।



