अयोध्या दीपोत्सव में रायबरेली की लोकगायिका स्नेहलता श्रीवास्तव ने बिखेरा भक्ति संगीत का जादू

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • अवधी और हिंदी के राम भजनों से मंत्रमुग्ध हुए श्रद्धालु, स्मृति चिह्न देकर किया गया सम्मानित

चित्रांश श्रीवास्तव जिला संवाददाता 

रायबरेली। जनपद की लोकगायिका स्नेहलता श्रीवास्तव ने अयोध्या धाम में आयोजित दीपोत्सव-2026 में अपनी शानदार गायकी से रायबरेली का नाम रोशन किया। 7 नवंबर को उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग की ओर से अयोध्या के गुप्तार घाट पर आयोजित दीपोत्सव महोत्सव में उन्होंने अवधी और हिंदी भाषा में भगवान श्रीराम के भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

लोकगायिका स्नेहलता श्रीवास्तव ने मंच को प्रणाम करते हुए रामायण की पंक्तियों ‘मंगल भवन अमंगल हारी’ से अपनी प्रस्तुति की शुरुआत की। इसके बाद गणेश वंदना प्रस्तुत की। उन्होंने ‘जली है ज्योत अवध नगर में’, ‘हम नाहि नियरा लाउब अपनी नैया’, ‘मेरी शान रखना’ और ‘दीपावली मनाऊं सुहानी’ जैसे भजनों की प्रस्तुति देकर सरयू तट के वातावरण को भक्तिमय बना दिया। उनकी प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु भावविभोर नजर आए।

कार्यक्रम के समापन पर स्नेहलता श्रीवास्तव ने आयोजकों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान अयोध्या भाजपा युवा जिला इकाई के उपाध्यक्ष भरत श्रीवास्तव एवं उनके सहयोगियों ने स्मृति चिह्न भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। कार्यक्रम के बाद बड़ी संख्या में दर्शक उनके साथ सेल्फी लेते नजर आए। अतिथियों ने भी उनकी गायकी की सराहना की।

दूरदर्शन और आकाशवाणी पर भी दे चुकी हैं प्रस्तुति

रायबरेली के प्रगतिपुरम निवासी स्नेहलता श्रीवास्तव संगीत के क्षेत्र में पिछले 15 वर्षों से सक्रिय हैं। वह लखनऊ दूरदर्शन केंद्र पर लोकगायन की प्रस्तुति दे चुकी हैं। इसके अलावा उन्हें आकाशवाणी केंद्र लखनऊ से बी-ग्रेड की मान्यता प्राप्त है। हाल ही में लालगंज, रायबरेली में आयोजित नारी शक्ति के सारस्वत सम्मान समारोह में उन्हें अवधी लोकगायिका के रूप में सम्मानित किया गया था।

उन्होंने लखनऊ के प्रतिष्ठित भातखंडे संगीत संस्थान और प्रयागराज से संगीत की शिक्षा प्राप्त की है। अपने संगीत सफर में उन्होंने हिंदी, अवधी और भोजपुरी भाषाओं में अनेक गीतों एवं भजनों की प्रस्तुति दी है। साथ ही विभिन्न संगीत प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका भी निभाई है।

रायबरेली के राजघाट में आयोजित छठ महोत्सव के अलावा शाहजहांपुर, गोरखपुर और गोंडा सहित उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आयोजित संगीत महोत्सवों में वह अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं। अयोध्या के दीपोत्सव में उनकी शानदार प्रस्तुति से जनपद रायबरेली को एक बार फिर सांस्कृतिक पहचान मिली है।

[wps_visitor_counter]