महराजगंज। उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में अंधविश्वास के चलते रिश्तों को शर्मसार करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि अमावस्या के दिन नरबलि देने के इरादे से एक महिला ने अपने ही दो माह के मासूम भतीजे का अपहरण कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए खोजी कुत्ते ‘विराट’ की मदद से अहम सुराग जुटाए और कश्मीरी गेट से मासूम को सकुशल बरामद कर लिया।
खोजी कुत्ते विराट की मदद से पुलिस को मिला अहम सुराग
मासूम के लापता होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उसकी तलाश शुरू की। जांच के दौरान खोजी कुत्ते विराट की मदद ली गई। विराट से मिले सुराग के आधार पर पुलिस टीम ने जांच आगे बढ़ाई और कश्मीरी गेट तक पहुंची। पुलिस ने यहां से दो माह के मासूम को सुरक्षित बरामद कर लिया। बच्चे के सकुशल मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली।
आरोपी बुआ समेत तीन गिरफ्तार, अंधविश्वास के एंगल से जांच
पुलिस ने इस मामले में मासूम की बुआ समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बच्चे के अपहरण के पीछे अमावस्या पर कथित नरबलि देने की मंशा बताई जा रही है। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर साजिश के पीछे की पूरी वजह और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
अंधविश्वास के नाम पर मासूम की जान को खतरे में डालने की इस घटना ने एक बार फिर समाज में फैली कुरीतियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



