- 31 लाख रुपये कीमत के 201 मोबाइल फोन बरामद, एसपी अनिल कुमार सिंह ने मोबाइल स्वामियों को सौंपे; चेहरों पर लौटी मुस्कान
रामपुर से शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता।
रामपुर। दीपावली के पावन पर्व पर रामपुर पुलिस ने आमजन को खुशियों का अनमोल उपहार दिया है। सर्विलांस सेल और थानों की CEIR पोर्टल टीम ने संयुक्त प्रयास से गुम हुए 201 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 31 लाख रुपये बताई गई है। खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर 201 परिवारों के चेहरों पर खुशी लौट आई।
शनिवार को नवीन पुलिस कार्यालय में पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बरामद किए गए सभी 201 मोबाइल फोन उनके संबंधित स्वामियों को सौंपे। लंबे समय से अपने मोबाइल फोन मिलने की उम्मीद लगाए बैठे लोगों के लिए यह दीपावली का खास तोहफा साबित हुआ। मोबाइल वापस पाकर लोगों ने रामपुर पुलिस का आभार जताया और पुलिस की इस पहल की सराहना की।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में चलाए गए इस अभियान के तहत गुमशुदा मोबाइल फोन से संबंधित प्रार्थना पत्रों और CEIR पोर्टल पर दर्ज शिकायतों को गंभीरता से लिया गया। सर्विलांस सेल और जनपद के विभिन्न थानों में तैनात CEIR पोर्टल टीम ने तकनीकी माध्यमों से मोबाइल फोन की तलाश की। लगातार प्रयासों और तकनीकी दक्षता के चलते पुलिस को 201 मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता मिली।
यह अभियान पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश की अपराध नियंत्रण संबंधी प्राथमिकताओं के तहत चलाया गया। इसमें अपर पुलिस महानिदेशक बरेली जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक मुरादाबाद परिक्षेत्र के निर्देशों का भी अनुपालन किया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
मोबाइल फोन बरामद करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अमित कुमार (प्रभारी सर्विलांस सेल), मुख्य आरक्षी विनय कुमार सिंह, अंकित कुमार, प्रवेश कुमार वर्मन, योगेन्द्र सिंह, आरक्षी शील रतन गौतम, अक्षय कुमार सहित जनपद की CEIR पोर्टल ऑपरेटिंग टीम शामिल रही।
रामपुर पुलिस की इस कार्रवाई ने दीपावली के अवसर पर उन परिवारों को बड़ी राहत दी, जिनके मोबाइल फोन गुम हो गए थे। पुलिस की इस पहल से आमजन में भरोसा मजबूत हुआ है।



