- कांग्रेस अपने चार बड़े नेताओं के नाम बताए, जो भाजपा से लड़ते हुए जेल गए हों : आप नेता ने खड़गे के बयान पर किया पलटवार
- कांग्रेस के कई राज्यों में विधायक पार्टी छोड़कर भाजपा में हुए शामिल, राजनीतिक इतिहास पर उठाए सवाल
शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर
रामपुर। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय परिषद सदस्य एवं उत्तर प्रदेश प्रवक्ता फैसल खान लाला ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उस बयान पर तीखा पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने आम आदमी पार्टी को भाजपा की बी-पार्टी बताया था। फैसल लाला ने इस बयान को हास्यास्पद बताते हुए कांग्रेस को अपने राजनीतिक इतिहास और अतीत में झांकने की नसीहत दी।
फैसल लाला ने कहा कि कांग्रेस को दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के कई राज्यों में कांग्रेस के विधायकों ने पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थामा और भाजपा की सरकार बनाने में मदद की। उन्होंने वर्ष 2016 में उत्तराखंड और अरुणाचल प्रदेश, 2017 में गोवा, 2019 में कर्नाटक, 2020 में मध्य प्रदेश तथा 2022 में गोवा में हुए राजनीतिक घटनाक्रमों का जिक्र करते हुए कांग्रेस की भूमिका पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का राजनीतिक इतिहास इस बात का गवाह है कि उसके कई विधायक अलग-अलग समय पर भाजपा में शामिल होते रहे हैं। ऐसे में आम आदमी पार्टी को भाजपा की बी-पार्टी बताना कांग्रेस की राजनीतिक हताशा को दर्शाता है।
फैसल लाला ने कांग्रेस के चुनावी प्रदर्शन पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल, सिक्किम, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, बिहार और गुजरात समेत कई राज्यों में कांग्रेस लंबे समय से सत्ता से बाहर है। पार्टी को दूसरों पर सवाल उठाने के बजाय अपनी राजनीतिक कमजोरियों और नेतृत्व की विफलताओं पर आत्ममंथन करना चाहिए।
आप प्रवक्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, संजय सिंह, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन समेत पार्टी के कई नेताओं को जेल जाना पड़ा है। उन्होंने दावा किया कि इन नेताओं ने भाजपा की सत्ता और नीतियों के खिलाफ संघर्ष किया है। उन्होंने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि वह अपने चार बड़े नेताओं के नाम बताए, जो भाजपा से संघर्ष करते हुए जेल गए हों।
अंत में फैसल लाला ने कहा कि भाजपा के खिलाफ लड़ाई केवल बयानबाजी से नहीं लड़ी जाती, बल्कि इसके लिए साहस, संघर्ष और सिद्धांतों पर डटे रहने की जरूरत होती है। जनता सब देख रही है कि कौन वास्तव में भाजपा के खिलाफ लड़ रहा है और किसकी राजनीति से भाजपा को फायदा पहुंच रहा है। कांग्रेस को दूसरों पर उंगली उठाने के बजाय अपनी कमियों को स्वीकार कर आत्ममंथन करना चाहिए।



