- मतदान केंद्रों का सेक्टर ऑफिसर और पुलिस अधिकारी संयुक्त रूप से करेंगे कम से कम तीन बार निरीक्षण, संवेदनशील और क्रिटिकल बूथों की होगी पहचान
रामपुर से शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता
रामपुर। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में शनिवार को सांस्कृतिक सद्भावना केंद्र (सद्भावना मंडप), पनवड़िया में सेक्टर ऑफिसर एवं सेक्टर पुलिस ऑफिसर की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सभी अधिकारी निर्वाचन संबंधी अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से लें और पूरी निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारी अपने क्षेत्रों में जाकर स्थानीय लोगों से संवाद करें और पता लगाएं कि कहीं किसी मतदाता को डराने-धमकाने, प्रलोभन देने या दबाव बनाकर मतदान से रोकने की कोशिश तो नहीं की जा रही है। ऐसी किसी भी आशंका की जानकारी मिलने पर तत्काल रिपोर्ट तैयार की जाए, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों स्वार (34), चमरौआ (35), बिलासपुर (36), रामपुर (37) और मिलक (38-अजा) के मतदान केंद्रों पर पानी, बिजली, रैम्प, आवागमन सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने कहा कि प्रत्येक सेक्टर ऑफिसर को आवंटित 10 से 12 मतदान बूथों का सेक्टर ऑफिसर और सेक्टर पुलिस ऑफिसर संयुक्त रूप से कम से कम तीन बार अनिवार्य निरीक्षण करें। निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों की स्थिति, मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संवेदनशील एवं क्रिटिकल बूथों को चिह्नित किया जाए।
बैठक में अधिकारियों को वल्नरेबिलिटी मैपिंग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने जोर देते हुए कहा कि क्षेत्रीय भ्रमण महज औपचारिकता नहीं होना चाहिए, बल्कि स्थानीय लोगों से वास्तविक संवाद स्थापित कर जमीनी स्थिति का आकलन किया जाए। प्रशासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक मतदाता भयमुक्त वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।
इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) आनन्द कुमार सिंह तथा अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने भी निर्वाचन तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में सभी उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी तथा संबंधित सेक्टर ऑफिसर एवं सेक्टर पुलिस ऑफिसर मौजूद रहे।



