- दौड़, कबड्डी, खो-खो, क्रिकेट और वॉलीबॉल समेत विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दिखाया हुनर; मोहित कुमार बोले- बच्चों के सर्वांगीण विकास में खेलों की अहम भूमिका
शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर
रामपुर। सैदनगर ब्लॉक स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन महात्मा गांधी स्टेडियम में उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में सैदनगर ब्लॉक की विभिन्न न्याय पंचायतों से प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अलग-अलग खेल स्पर्धाओं में बच्चों ने जीत के लिए पूरा दमखम लगाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी मोहित कुमार ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए खेल बेहद जरूरी हैं। खेलों से बच्चों का केवल शारीरिक विकास ही नहीं होता, बल्कि उनका मानसिक विकास, अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्राथमिक स्तर की प्रतियोगिताओं में इन खिलाड़ियों ने मारी बाजी
प्राथमिक स्तर की 50 मीटर बालक दौड़ में कंपोजिट विद्यालय बढ़पुरा शुमाली के शिवम प्रथम रहे, जबकि बालिका वर्ग में प्राथमिक विद्यालय सहरिया दराज की उम्मने रहमान ने बाजी मारी। 100 मीटर बालक दौड़ में प्राथमिक विद्यालय आंगा के आरिश और 200 मीटर बालक दौड़ में प्राथमिक विद्यालय सींगन खेड़ा के राजू प्रथम रहे। 200 मीटर बालिका दौड़ में उम्मने रहमान ने फिर से प्रथम स्थान हासिल किया।
उच्च प्राथमिक स्तर पर अनुज का शानदार प्रदर्शन
उच्च प्राथमिक स्तर की प्रतियोगिताओं में अनुज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई स्पर्धाओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर बालक दौड़ में उच्च प्राथमिक विद्यालय दिलपुरा के अनुज प्रथम रहे। वहीं 200 मीटर और 400 मीटर बालक दौड़ में कंपोजिट विद्यालय सींगन खेड़ा के अनुज ने पहला स्थान हासिल किया।
बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में उच्च प्राथमिक विद्यालय लालपुर की आसिया, 200 मीटर दौड़ में उच्च प्राथमिक विद्यालय सींगनी की गुरमुखी और 400 मीटर दौड़ में उच्च प्राथमिक विद्यालय सैदनगर की आंचल प्रथम रहीं।
लंबी कूद बालक वर्ग में उच्च प्राथमिक विद्यालय सूरजपुर के अबू तलहा और बालिका वर्ग में उच्च प्राथमिक विद्यालय सैदनगर की मंजू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। गोला फेंक बालक वर्ग में उच्च प्राथमिक विद्यालय बहादुरपुर के अर्पित तथा बालिका वर्ग में उच्च प्राथमिक विद्यालय हमीरपुर की सना विजेता रहीं।
इस अवसर पर सलीम मियां, डॉ. सरफराज अहमद, अनीसा लतीफ, प्रभात कुमार, हरीश कुमार, चंचल कुमार, वीर सिंह, रहमत अली, चिरंजीव गुड्डू, जुल्फिकार अली, अहमद अली, सुभाष बाबू, शबनम आरा, शाहीन बी, नीता रानी, योगमाया, शमा परवीन, अमरपाल सिंह, सबीना मंसूरी, अवधेश मिश्रा, तनवीर अहमद, भूप सिंह, मोहम्मद यासीन, आसिफ अली, शगुन गुप्ता, वैशाली गुप्ता, मेहनाज शकील, मरियम बी, राजेंद्र सिंह, खुशबू, शकील अहमद, वाणी सिन्हा, संगीता गौतम, शशि बाला, शमसी बी, लवी, मोहम्मद सोहेल, जबर सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता ने बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ खेल भावना, अनुशासन और आपसी सहयोग का संदेश भी दिया।



