- दीनी तालीम, अच्छे अख़लाक़ और सीरते नबवी ﷺ के संदेशों से रूबरू हुए श्रोता, विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने की हुई पहल
शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर
रामपुर। अंजुमन फैज़ाने इमामे आज़म अबू हनीफा के तत्वावधान में 5 नवंबर 2026 को मरकज़ुद्दिरासातिल इस्लामिया अल-जामिअतुन नोमानिया, बमनपुरी में शानदार बज़्म का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए बारगाहे रिसालत मआब ﷺ में अकीदत और मोहब्बत के साथ नातिया कलाम पेश किए। वहीं, इल्मी एवं इस्लाही तक़रीरों के जरिए दीनी तालीम, अच्छे अख़लाक़ और सामाजिक जिम्मेदारियों का संदेश दिया।
तक़रीरों में दीनी तालीम की अहमियत, माता-पिता का सम्मान, अच्छे अख़लाक़ एवं किरदार की तामीर और सीरते नबवी ﷺ के विभिन्न पहलुओं को प्रमुखता से उठाया गया। विद्यार्थियों की प्रभावशाली प्रस्तुतियों ने मौजूद लोगों को प्रभावित किया और श्रोताओं ने उनकी खूब सराहना की।
प्रतिभाओं को निखारना रहा बज़्म का मकसद
बज़्म के आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षिक, साहित्यिक एवं भाषण संबंधी प्रतिभाओं को निखारना, उनमें आत्मविश्वास पैदा करना और उन्हें अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने के लिए प्रोत्साहित करना रहा। उपस्थित लोगों ने अंजुमन की इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों की बौद्धिक और रचनात्मक क्षमता के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर देश एवं राष्ट्र की उन्नति, उम्मते मुस्लिमह की बुलंदी और पूरी दुनिया में अमन-ओ-सलामती के लिए विशेष दुआ की गई। इस अवसर पर कारी मुहम्मद इरशाद, मौलाना मुहम्मद रिज़वान, मास्टर यूनुस सहित संस्थान के अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।



