- चार लाख रुपये में होना है ऑपरेशन, आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवार को चाइल्ड केयर एंड प्रोटेक्शन फंड से मिली मदद; तीन अन्य मरीजों को भी बांटे आयुष्मान कार्ड
रामपुर से शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता।
रामपुर। जनता दर्शन में फरियाद लेकर पहुंचे एक जरूरतमंद परिवार के लिए जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी मददगार बनकर सामने आए। गंभीर रूप से घायल 12 वर्षीय इमरान के इलाज में आर्थिक तंगी बाधा न बने, इसके लिए डीएम ने चाइल्ड केयर एंड प्रोटेक्शन फंड से एक लाख रुपये की अग्रिम आर्थिक सहायता स्वीकृत कर चेक जारी कराया।
मोहल्ला मीठा कुआं, चौकी कुण्डा निवासी अंसारी शब्बीर हुसैन ने जनता दर्शन में जिलाधिकारी को प्रार्थना-पत्र देकर अपने बेटे इमरान के उपचार के लिए आर्थिक सहायता मांगी थी। कक्षा चार में पढ़ने वाले 12 वर्षीय इमरान के साथ अचानक हुए हादसे में उसके पैर की पांच नसें मांस सहित कट गई थीं। फिलहाल उसका उपचार बरेली के ईशान हॉस्पिटल में नसों के विशेषज्ञ डॉ. कौशल कुमार की देखरेख में चल रहा है।
अस्पताल की ओर से ऑपरेशन और उपचार पर करीब चार लाख रुपये का खर्च बताया गया है। परिवार की आर्थिक स्थिति और बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए जिलाधिकारी ने जिला प्रोबेशन अधिकारी के माध्यम से मामले की जांच और सर्वे कराया। रिपोर्ट मिलने के बाद एक लाख रुपये की अग्रिम सहायता स्वीकृत कर दी गई।
18 वर्ष तक के जरूरतमंद बच्चों को मिलती है मदद
चाइल्ड केयर एंड प्रोटेक्शन फंड के माध्यम से जनपद में 18 वर्ष तक की आयु के गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों को गंभीर बीमारी और उपचार के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इसका उद्देश्य आर्थिक तंगी के कारण किसी बच्चे का इलाज न रुके और उसे बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।
तीन अन्य गंभीर मरीजों को भी मिले आयुष्मान कार्ड
जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी ने तीन अन्य जरूरतमंद मरीजों को भी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ दिलाया। रहमान खान निवासी मोहल्ला कुंचा नालाकार, अमीर अहमद निवासी मोहल्ला तालाब निहालुद्दीन को हिप ज्वाइंट रिप्लेसमेंट तथा मुर्शिद जहां निवासी घर हसन खां को ब्रेन हेमरेज के उपचार के लिए आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए।
जिलाधिकारी ने जरूरतमंद परिवारों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए पात्र लोगों को सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया।



