रामपुर में सनसनीखेज वारदात: कचहरी गेट के सामने खून से लथपथ मिला युवक का शव, सिर पर गंभीर चोट के निशान

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • मंगलवार रात से लापता था 35 वर्षीय विष्णु, हत्या की आशंका से इलाके में हड़कंप; फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य

रामपुर से शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता।

रामपुर। कोतवाली सिविल लाइंस क्षेत्र की गंगापुर आवास विकास कॉलोनी में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब कचहरी गेट के सामने एक 35 वर्षीय युवक का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान विष्णु के रूप में हुई है। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। दिनदहाड़े आबादी वाले इलाके में शव मिलने की खबर से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, विष्णु कचहरी परिसर में चाय बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। वह चार भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। परिजनों के मुताबिक, विष्णु मंगलवार रात से लापता था। गुरुवार सुबह उसका शव मिलने की सूचना मिली तो परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक की बहन मंजू ने पुलिस को बताया कि विष्णु मंगलवार रात से घर नहीं लौटा था। परिजनों ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कराने और उसके भाई की हत्या करने वालों का पता लगाकर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। इंस्पेक्टर ओंकार सिंह ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया।

फिलहाल युवक की मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और न ही किसी आरोपी की पहचान हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।

[wps_visitor_counter]