रामपुर में BIOQUEST-2026 का आयोजन, विद्यार्थियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • जल संरक्षण, वृक्षारोपण और प्लास्टिक के कम उपयोग पर दिया जोर, पीपीटी और क्विज प्रतियोगिता के जरिए दिखाई प्रतिभा

शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर 

रामपुर। केयर एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी एवं दयावती मोदी अकादमी (DMA) के जीव विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में BIOQUEST-2026 का आयोजन किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की मुख्य थीम ‘पर्यावरण जागरूकता’ रही। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा और प्रदूषण नियंत्रण का संदेश दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता दयावती मोदी अकादमी की प्रधानाचार्या डॉ. सुमन तोमर ने की। मुख्य अतिथि के रूप में राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामपुर के अंग्रेजी विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर प्रीति लता तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में शबाना अफसर मौजूद रहीं।

डॉ. सुमन तोमर ने अपने संबोधन में कहा कि प्रकृति का संरक्षण केवल आवश्यकता नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए जल संरक्षण, वृक्षारोपण, ऊर्जा की बचत और प्लास्टिक के कम उपयोग को जीवनशैली में शामिल करना जरूरी है।

मुख्य अतिथि प्रीति लता ने विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। वहीं विशिष्ट अतिथि शबाना अफसर ने कहा कि स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण तैयार करना आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण का संदेश परिवार और समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पीपीटी प्रस्तुतियों के माध्यम से पर्यावरण जागरूकता, वन्यजीव संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। इसके अलावा क्विज प्रतियोगिता आयोजित कर विद्यार्थियों के ज्ञान एवं जागरूकता को परखा गया। विद्यार्थियों ने जल संरक्षण, वृक्षारोपण, स्वच्छता और प्लास्टिक के सीमित उपयोग पर भी अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम का संचालन रितुपर्णा गुप्ता ने किया। आयोजन में मेंटोर एवं फैसिलिटेटर पंकज सक्सेना तथा हेड एडमिन आदित्य वर्मा का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम सलाहकार डॉ. मिली टंडन के मार्गदर्शन में संयोजक मधुकर शुक्ला एवं संयोजिका विनीता वर्मा ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर अदनान खान, मिस शैली, मिस सुमैया सहित अन्य शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में केयर एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी के सचिव फैसल शाह खान ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और प्रकृति को सुरक्षित रखने के लिए व्यक्तिगत स्तर पर प्रयास करने का संदेश दिया गया।

[wps_visitor_counter]