- पानी और मिल्क पाउडर मिलाकर तैयार किया जा रहा था नकली दूध और खोया, तीन लोग हिरासत में; खाद्य विभाग ने लिए नमूने
- शाहबाद में दीपावली से पहले प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, पिकअप वाहन और मिलावट में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद
रामपुर। दीपावली के त्योहार पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी क्रम में शाहबाद क्षेत्र में नकली दूध बनाने के कारोबार का खुलासा हुआ है। एसडीएम शाहबाद आदेश कुमार और क्षेत्राधिकारी की संयुक्त कार्रवाई में कंस मेला स्थित जयतौली मार्ग पर आम के एक बाग में छापा मारकर करीब 350 लीटर मिलावटी दूध बरामद किया गया। मौके से तीन लोगों को पकड़ा गया है।
प्राथमिक जांच में सामने आया कि पानी और मिल्क पाउडर मिलाकर नकली दूध तैयार किया जा रहा था। इसी दूध से नकली खोया बनाने का काम भी किया जा रहा था। मौके से लगभग 350 लीटर मिलावटी दूध, एक पिकअप वाहन, बर्फ, दूध बनाने के उपकरण और अन्य सामग्री बरामद हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया। अधिकारियों ने बरामद दूध के नमूने लेकर जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की।
गड्ढा खुदवाकर नष्ट कराया गया मिलावटी दूध
मिलावटी दूध आम लोगों तक न पहुंचे, इसके लिए नायब तहसीलदार ने मौके पर ही गड्ढा खुदवाकर बरामद दूध को नष्ट करा दिया। खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पकड़े गए व्यक्तियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कराया जाएगा। नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
त्योहार पर मिलावटखोरों के खिलाफ प्रशासन सख्त
दीपावली के दौरान दूध, खोया और मिठाइयों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावटखोरों की सक्रियता आमजन के स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा बन सकती है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता, रामपुर



