किसानों की समस्याओं को लेकर मंत्री रामकृपाल यादव से मिले राकेश रौशन, दो सड़कों के निर्माण का उठाया मुद्दा

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

 

  • जानीपुर रेलवे ढाला से महिषाघाट तक 3 किलोमीटर सड़क निर्माण की मांग
  • मनसेरपुर–कटहा बाईपास सड़क पांच वर्षों से अधूरी, 1.21 करोड़ खर्च होने के बाद भी काम लंबित

नेशन स्टेशन न्यूज़ के लिए बेगूसराय, बिहार से अभिजीत कुमार झा की रिपोर्ट

बेगूसराय, 02 नवंबर 2026।

बेगूसराय जिले में जर्जर और अधूरी सड़कों की समस्या को लेकर जिला उपाध्यक्ष सह साहेबपुरकमाल विधानसभा प्रभारी राकेश रौशन ने बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री एवं बेगूसराय जिला प्रभारी मंत्री रामकृपाल यादव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण एवं लंबित कार्यों को पूरा कराने की मांग करते हुए मंत्री को आवेदन सौंपा।

राकेश रौशन ने पहली मांग बलिया नगर परिषद के वार्ड संख्या-24 अंतर्गत जानीपुर रेलवे ढाला से महिषाघाट तक लगभग तीन किलोमीटर लंबी जर्जर सड़क के निर्माण को लेकर उठाई। उन्होंने मंत्री को बताया कि यह सड़क क्षेत्र के हजारों किसानों के खेतों तक पहुंचने का प्रमुख मार्ग है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण किसानों को कृषि कार्यों और आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सड़क निर्माण होने से किसानों सहित स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

पांच वर्षों से अधूरी है मनसेरपुर–कटहा सड़क

दूसरी मांग बलिया प्रखंड के मनसेरपुर पंचायत से कटहा बलिया बाईपास तक लगभग दो किलोमीटर लंबी अधूरी सड़क के निर्माण को लेकर की गई। राकेश रौशन ने बताया कि पिछले पांच वर्षों से इस सड़क का निर्माण कार्य लंबित है। इस परियोजना पर लगभग 1.21 करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। इसके कारण किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने मंत्री रामकृपाल यादव से दोनों सड़कों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई कराने तथा निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराकर पूरा करवाने का आग्रह किया।

राकेश रौशन ने कहा कि सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं है, बल्कि किसानों की सुविधा, व्यापार की प्रगति, विद्यार्थियों की सहूलियत और क्षेत्र के समग्र विकास का महत्वपूर्ण आधार है। जनहित से जुड़ी इन समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि किसानों को खेतों तक पहुंचने में परेशानी न हो और आम जनता को बेहतर आवागमन की सुविधा मिले, इसी उद्देश्य से यह पहल की गई है। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें संबंधित विभाग की कार्रवाई और दोनों सड़कों के निर्माण पर टिकी हैं।

[wps_visitor_counter]