- दुर्गा स्वीट्स और बीकानेर स्वीट्स समेत कई दुकानों का निरीक्षण, गंदगी और लाइसेंस संबंधी खामियां मिलने पर सुधार नोटिस की कार्रवाई
शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर
रामपुर। दीपावली के त्योहार को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में विशेष छापामार अभियान चलाया। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में विभिन्न मिठाई की दुकानों से छह नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
अभियान के दौरान मिस्टन गंज स्थित दुर्गा स्वीट्स और अन्नपूर्णा स्वीट्स से छेना रसगुल्ला, स्वार स्थित बीकानेर स्वीट्स से खोया कतली, सिविल लाइंस स्थित अजन्ता स्वीट्स से गुलाब लड्डू तथा मोहल्ला सूफियान स्थित फैमस स्वीट्स एंड बेकर्स से आटा लड्डू के नमूने लिए गए।
निरीक्षण में मिलीं सफाई और लाइसेंस संबंधी खामियां
खाद्य विभाग की टीम ने शिवि सिनेमा के सामने स्थित मंथन रेस्टोरेंट एंड स्वीट्स का भी निरीक्षण किया। यहां खाद्य कारोबारकर्ता को बिल-वाउचर पर खाद्य लाइसेंस संख्या अंकित करने के निर्देश दिए गए।
वहीं, दुर्गा स्वीट्स में फर्श पर टाइल्स नहीं होने, साफ-सफाई की उचित व्यवस्था न मिलने और ढक्कनयुक्त कूड़ेदान नहीं पाए जाने जैसी कमियां सामने आईं। बीकानेर स्वीट्स में खाद्य लाइसेंस निर्धारित स्थान पर प्रदर्शित नहीं था और कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र भी उपलब्ध नहीं मिले।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
सहायक आयुक्त खाद्य मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि संबंधित दुकानदारों को अनियमितताओं के संबंध में सुधार नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है। प्रयोगशाला से नमूनों की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद मिलावट की प्रकृति के अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने खाद्य कारोबारियों से अपील की कि वे अत्यधिक रंगीन मिठाइयों की बिक्री से बचें तथा खाद्य सुरक्षा मानकों, स्वच्छता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें।
विभाग ने स्पष्ट किया कि दीपावली के दौरान मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा। अभियान में सहायक आयुक्त खाद्य, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी और खाद्य सुरक्षा अधिकारी मौजूद रहे।



