यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 15 वरिष्ठ IAS अधिकारियों के तबादले

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • शशि प्रकाश गोयल को नागरिक उड्डयन विभाग का अतिरिक्त प्रभार, अनुराग श्रीवास्तव बने कृषि उत्पादन आयुक्त
  • आलोक कुमार को अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त की जिम्मेदारी, कई महत्वपूर्ण विभागों में बदले गए अधिकारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। प्रदेश सरकार ने 15 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस फेरबदल में कई महत्वपूर्ण विभागों के प्रमुख अधिकारियों की तैनाती बदली गई है, जबकि कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त विभागों का प्रभार भी दिया गया है।

तबादला सूची के अनुसार आईएएस शशि प्रकाश गोयल को मुख्य सचिव के साथ नागरिक उड्डयन विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। आईएएस अनुराग श्रीवास्तव को कृषि उत्पादन आयुक्त बनाया गया है। वहीं आईएएस आलोक कुमार को अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें प्रमुख सचिव वित्त के साथ संस्थागत वित्त का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

आईएएस एम. देवराज को डॉ. राम मनोहर लोहिया प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी का अध्यक्ष बनाया गया है। एम.के.एस. सुंदरम को प्रमुख सचिव, समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है। आईएएस अजय चौहान को यूपीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

इसके अलावा आईएएस योगेश कुमार को पीसीडीएफ का प्रबंध निदेशक और अमित कुमार सिंह को उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। आईएएस कृष्ण कुमार को झांसी मंडल का मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है, जबकि चंद्र शेखर को प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

आईएएस भूपेंद्र एस. चौधरी को उत्तर प्रदेश मानवाधिकार आयोग का सचिव, देवेंद्र सिंह कुशवाहा को विशेष सचिव, प्रशासनिक सुधार तथा प्रवीण मिश्रा को अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम और जनजाति विकास का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं आईएएस पंधारी यादव को बाह्य सहायतित परियोजना के प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।

सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को प्रदेश के प्रशासनिक ढांचे में महत्वपूर्ण बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। अब नई जिम्मेदारियों के साथ अधिकारियों के सामने संबंधित विभागों के कामकाज को गति देने की चुनौती होगी।

नेशन स्टेशन न्यूज़ | nationstationnews.com

[wps_visitor_counter]