- एमपी-एमएलए कोर्ट से जारी हुए 91 परवाने, पिता-पुत्र की रिहाई को लेकर रामपुर में हलचल तेज
- जेल के बाहर समर्थकों का जमावड़ा, दोनों नेताओं के बाहर आने का बेसब्री से इंतजार
रामपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान और उनके बेटे पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम की रिहाई को लेकर रामपुर में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। एमपी-एमएलए कोर्ट से जारी 91 परवाने रामपुर जेल पहुंच गए हैं। इसके बाद दोनों नेताओं की रिहाई की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है।
आजम खान और अब्दुल्ला आजम की रिहाई की खबर मिलते ही जेल के बाहर समर्थकों का पहुंचना शुरू हो गया। देखते ही देखते जेल के आसपास समर्थकों की भीड़ जुटने लगी। समर्थकों में उत्साह का माहौल है और सभी को पिता-पुत्र के जेल से बाहर आने का इंतजार है।
बताया जा रहा है कि दोनों नेताओं की रिहाई आज ही होनी है। जेल प्रशासन की ओर से आवश्यक औपचारिकताएं पूरी किए जाने के बाद उनकी रिहाई की प्रक्रिया संपन्न होगी।
रामपुर में इस घटनाक्रम पर राजनीतिक और सामाजिक हलकों की नजरें टिकी हुई हैं। अब सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि आजम खान और अब्दुल्ला आजम जेल से बाहर आने के बाद क्या प्रतिक्रिया देते हैं।
नेशन स्टेशन न्यूज़ | रामपुर



