बठिंडा में कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, बिना अनुमति चल रहा गोदाम सील; फर्म के खिलाफ FIR दर्ज

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • जांच में खाद और कीटनाशकों का मिला भारी भंडार, दस्तावेज नहीं दिखा सके फर्म के प्रतिनिधि

बठिंडा, 30 अक्टूबर। कृषि विभाग ने गोपनीय सूचना के आधार पर भुच्चो मंडी में बिना अनुमति संचालित किए जा रहे एक गोदाम पर छापेमारी कर उसे सील कर दिया। यह गोदाम मेसर्स एस.आर. गोयल ट्रेडिंग का बताया गया है। विभागीय कार्रवाई के बाद संबंधित फर्म के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।

बठिंडा की मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. हरप्रीत पाल कौर ने जानकारी देते हुए बताया कि ब्लॉक नथाना के अंतर्गत भुच्चो मंडी स्थित गोदाम की जांच के दौरान बड़ी मात्रा में खाद और कीटनाशक पाए गए। गोदाम में सफेद बोरियों में कुछ पदार्थ भी रखे हुए थे। इसके अलावा, मौके से कई नामी कंपनियों के नाम वाले खाली और अप्रयुक्त बैग भी बरामद हुए, जिन्हें विभाग ने संदिग्ध माना है।

मुख्य कृषि अधिकारी के अनुसार, जांच के दौरान मेसर्स एस.आर. गोयल ट्रेडिंग के प्रतिनिधि गोदाम में रखे खाद से संबंधित आवश्यक दस्तावेज विभागीय अधिकारियों के सामने प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद विभाग ने 28 अक्टूबर 2026 को गोदाम को सील कर दिया।

इस मामले में 29 अक्टूबर 2026 को संबंधित फर्म के खिलाफ एफआईआर नंबर 0275 दर्ज की गई है।

खाद के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे

कृषि विभाग की ओर से गोदाम में रखे खाद के नमूने लिए जा रहे हैं। इन्हें प्राथमिकता के आधार पर संबंधित प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में कोई नमूना निर्धारित मानकों पर खरा नहीं उतरता है, तो संबंधित फर्म के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

[wps_visitor_counter]