फर्रुखाबाद: थ्रेसर मशीन बनी काल! बाजरे की कटाई के दौरान 19 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत, परिवार का इकलौता चिराग बुझा

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • खेत में बाजरे की थ्रेसिंग करते समय मशीन की चपेट में आया युवक, हादसे में एक हाथ और एक पैर अलग होने की बात सामने आई
  • बीएससी की पढ़ाई कर रहा था अनुभव सिंह, बेटे की मौत से मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल

मोहम्मद इसरार जिला संवाददाता फर्रुखाबाद 

फर्रुखाबाद। जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में बाजरे की थ्रेसिंग के दौरान एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। खेत में काम करते समय 19 वर्षीय युवक थ्रेसर मशीन की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि युवक की दर्दनाक मौत हो गई। परिवार के इकलौते बेटे की मौत से घर में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नवाबगंज थाना क्षेत्र के बेग गांव निवासी तिरमल सिंह का 19 वर्षीय पुत्र अनुभव सिंह गुरुवार शाम करीब छह बजे खेत में बाजरे की थ्रेसिंग कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका हाथ थ्रेसर मशीन में चला गया। देखते ही देखते वह गंभीर हादसे का शिकार हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह उसे मशीन से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

हादसे की खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। अनुभव की मौत की खबर सुनते ही मां अनीता देवी और बहनों कंचन, रितु व गार्गी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया जा रहा है कि अनुभव परिवार का इकलौता बेटा था और बीएससी की पढ़ाई कर रहा था। जिस बेटे के सहारे परिवार ने भविष्य के सपने संजोए थे, उसकी असमय मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही नवाबगंज थाना प्रभारी राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में युवक का एक हाथ और एक पैर घटनास्थल पर नहीं मिलने की बात सामने आई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

एक दर्दनाक हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। गांव में भी इस घटना के बाद शोक का माहौल है।

[wps_visitor_counter]