- महिला यात्रियों की सुरक्षा पर जोर, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर
रामपुर। यात्रियों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस रामपुर ने ‘मीट एंड ग्रीट’ अभियान के तहत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में बसों की सघन चेकिंग की। अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उत्तर प्रदेश के आदेश के क्रम में पुलिस अधीक्षक रामपुर के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान बस चालकों की ड्रिंक एंड ड्राइव जांच करने के साथ ही वाहनों के आवश्यक दस्तावेजों और यातायात नियमों के अनुपालन की पड़ताल की गई।
परमिट, फिटनेस और बीमा की हुई जांच
अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने बसों के परमिट, फिटनेस प्रमाण-पत्र, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र और चालक-परिचालक के आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। इसके साथ ही बसों में निर्धारित क्षमता के अनुरूप यात्रियों को बैठाने, ड्रिंक एंड ड्राइव तथा अन्य यातायात मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बस चालकों और परिचालकों को निर्देश दिए कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। निर्धारित गति सीमा का पालन करें, ओवरलोडिंग से बचें और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें।
महिला यात्रियों की सुरक्षा और प्राथमिक उपचार पर जोर
अभियान के दौरान महिला यात्रियों सहित सभी यात्रियों की सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाई गई। बस चालकों और परिचालकों को महिला हेल्पलाइन 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और आपातकालीन सेवा 112 सहित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देने के निर्देश दिए गए, ताकि आपात स्थिति में यात्री समय पर सहायता प्राप्त कर सकें।
यात्रियों के स्वास्थ्य और आकस्मिक सहायता को ध्यान में रखते हुए बसों में फर्स्ट-एड किट की उपलब्धता और उसकी स्थिति भी जांची गई। बस संचालकों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक बस में प्राथमिक उपचार किट अनिवार्य रूप से उपलब्ध हो और उपयोग योग्य स्थिति में रखी जाए।
यातायात पुलिस रामपुर ने यात्रियों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी असुविधा या आपात स्थिति में संबंधित हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग कर सहायता प्राप्त करें।



