- कुलाबों की व्यवस्था दुरुस्त करने और राजकीय नलकूपों का संचालन सुचारु रखने पर जोर
रामपुर। जनपद में किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किला परिसर स्थित अधिशासी अभियंता सिंचाई कार्यालय में सिंचाई बंधु की बैठक आयोजित की गई। उपाध्यक्ष राजकुमार चौहान की अध्यक्षता में हुई बैठक में नहरों की सफाई, नहरों के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने, कुलाबों की व्यवस्था दुरुस्त करने और राजकीय नलकूपों के सुचारु संचालन सहित सिंचाई से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में उपाध्यक्ष राजकुमार चौहान ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नहरों की साफ-सफाई का कार्य गंभीरता और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा कराया जाए। नहरों में जमा सिल्ट और अन्य अवरोधों को हटाकर पानी का प्रवाह सुचारु रखा जाए, जिससे किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल सके।
उन्होंने कहा कि सिंचाई का लाभ केवल नहरों के शुरुआती हिस्से तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अंतिम छोर पर स्थित खेतों तक भी पानी पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए नहरों की सफाई के साथ पानी के प्रवाह की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कुलाबों की व्यवस्था ठीक रखने और किसानों को पानी लेने में होने वाली अनावश्यक परेशानियों को दूर करने पर जोर दिया गया।
राजकीय नलकूपों के संचालन पर भी जोर
बैठक में राजकीय नलकूपों के संचालन से संबंधित समस्याओं पर भी चर्चा हुई। उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नलकूपों को सुचारु रूप से संचालित रखने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि नहरों के साथ-साथ नलकूपों के माध्यम से भी किसानों को सिंचाई की सुविधा मिल सके। उन्होंने सिंचाई से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को कहा।
26 अक्टूबर से शुरू होगी सिल्ट सफाई
अधिशासी अभियंता सिंचाई नवीन कुमार सिंह ने बैठक में जानकारी दी कि जनपद में नहरों की सिल्ट सफाई का अभियान 26 अक्टूबर 2026 से शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सफाई का कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराया जाएगा, जिससे नहरों में पानी का प्रवाह बेहतर हो और किसानों को फसलों की सिंचाई में सुविधा मिले।
बैठक में अधिशासी अभियंता विद्युत सहित सिंचाई विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



