फैजुल्लागंज के बाढ़ पीड़ितों की मदद को आगे आई ‘आप’, बांटी राहत सामग्री

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • संजय सिंह के निर्देश पर प्रभावित परिवारों तक पहुंची पार्टी, राशन और जरूरी सामान वितरित
  • जलनिकासी, शुद्ध पेयजल और मुआवजे की मांग, प्रशासन को आंदोलन की चेतावनी

लखनऊ, 23 अक्टूबर। राजधानी लखनऊ के फैजुल्लागंज क्षेत्र में बाढ़ और जलभराव से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए आम आदमी पार्टी (आप) उत्तर प्रदेश ने राहत अभियान चलाया। राज्यसभा सांसद एवं पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के निर्देश पर शुक्रवार को पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रभावित बस्तियों का दौरा कर पीड़ित परिवारों को राशन, राहत किट और दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री वितरित की। इस दौरान नेताओं ने प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रशासन से राहत एवं बचाव कार्य तेज करने की मांग की।

अयोध्या प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल और लखनऊ जिलाध्यक्ष इरम रिज़वी के नेतृत्व में आयोजित राहत अभियान के दौरान पार्टी नेताओं ने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों की सहायता करना और उनकी समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना प्राथमिकता है।

प्रशासन राहत कार्यों में तेजी लाए: विनय पटेल

अयोध्या प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल ने कहा कि फैजुल्लागंज में बाढ़ और जलभराव के कारण अनेक परिवारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे समय में प्रशासन की जिम्मेदारी है कि प्रभावित लोगों तक समय पर आवश्यक सहायता पहुंचाई जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहत पहुंचाने में प्रशासन की कार्यशैली संतोषजनक नहीं है। उन्होंने मांग की कि प्रभावित इलाकों में युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य चलाए जाएं। विनय पटेल ने कहा कि संजय सिंह के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं और उनकी समस्याओं को मजबूती से उठाते रहेंगे।

समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन करेगी ‘आप’: इरम रिज़वी

लखनऊ जिलाध्यक्ष इरम रिज़वी ने कहा कि फैजुल्लागंज के लोग जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं और उन्हें बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल जलनिकासी, शुद्ध पेयजल, दवाइयों और उचित मुआवजे की व्यवस्था करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो आम आदमी पार्टी पीड़ितों के अधिकारों के लिए आंदोलन करेगी।

ये रहे मौजूद

राहत सामग्री वितरण अभियान में अयोध्या प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल, लखनऊ जिलाध्यक्ष इरम रिज़वी, दिनेश पटेल, वैभव प्रकाश, मनोज मिश्रा, तुषार श्रीवास्तव, सुरभि, प्रेरणा, ललित वाल्मीकि, अनित रावत, नीरज गुप्ता, ज्ञान सिंह और सुधीर पटेल सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने राहत कार्य में सहयोग किया।

[wps_visitor_counter]