- मिशन शक्ति फेज-06 के तहत नुक्कड़ सभा आयोजित, दहेज प्रथा और लैंगिक भेदभाव के खिलाफ भी किया जागरूक
- चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की दी जानकारी, बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और स्वावलंबन पर दिया जोर
रामपुर से शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता
रामपुर। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मिशन शक्ति अभियान फेज-06 के तहत थाना स्वार क्षेत्र के नगर पंचायत नरपत नगर में बाल विवाह एवं अन्य सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। थाना एएचटीयू पुलिस, जिला प्रोबेशन अधिकारी (डीपीओ), चाइल्ड हेल्पलाइन और स्थानीय एनजीओ के संयुक्त सहयोग से आयोजित नुक्कड़ सभा में लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में थाना एएचटीयू प्रभारी संजीव कुमार अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। इस दौरान लोगों को बताया गया कि बाल विवाह बच्चों के अधिकारों का उल्लंघन है और कानून के तहत दंडनीय हो सकता है। लोगों से अपील की गई कि बच्चों का विवाह निर्धारित वैधानिक आयु से पहले न करें तथा बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को प्राथमिकता दें।
जागरूकता अभियान के दौरान दहेज प्रथा, लैंगिक भेदभाव और अन्य सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने का संदेश भी दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि बाल विवाह या बाल अधिकारों के उल्लंघन की जानकारी मिलने पर संबंधित अधिकारियों, पुलिस अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना दें।
महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए दिलाई शपथ
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित बालक-बालिकाओं और महिला-पुरुषों को बाल विवाह एवं अन्य सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम के लिए शपथ दिलाई गई। साथ ही महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान तथा स्वावलंबन सुनिश्चित करने में सहयोग देने की अपील की गई।
मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से समाज में जागरूकता बढ़ाने और महिलाओं एवं बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए सामूहिक भागीदारी का संदेश दिया गया।



