रामपुरा फूल में सैनिकों और पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान के लिए लगा कैंप

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • प्रशासन ने समस्याओं के प्राथमिकता से निस्तारण का दिया भरोसा, जमीन खरीदते समय धोखाधड़ी से बचने के लिए किया जागरूक

बठिंडा, 16 अक्टूबर। जिला सैनिक बोर्ड, बठिंडा की ओर से रामपुरा फूल में सेवारत एवं पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष कैंप का आयोजन किया गया। डिप्टी कमिश्नर बठिंडा राजेश धीमान के आदेश तथा सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट रामपुरा फूल एस. बलकरन सिंह महल के मार्गदर्शन में आयोजित इस कैंप में सैनिकों और उनके परिजनों की समस्याएं सुनी गईं।

कैंप के दौरान तहसीलदार फूल रणजीत सिंह खैरा ने सेवारत एवं पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों से विस्तार से बातचीत की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन शहीद सैनिकों के परिवारों, पूर्व सैनिकों, विधवाओं और उनके आश्रितों की समस्याओं का कानून के अनुसार प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का प्रयास कर रहा है।

शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि देकर दी योजनाओं की जानकारी

कार्यक्रम में जिला सैनिक बोर्ड-सह-जिला रक्षा सेवा कल्याण अधिकारी, बठिंडा के सचिव कमांडर दिलप्रीत सिंह कंग (सेवानिवृत्त) ने शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने विभाग की रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए केंद्र और पंजाब सरकार की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

कमांडर कंग ने पूर्व सैनिकों से अपील की कि वे उपमंडल स्तर पर आयोजित होने वाले ऐसे कैंपों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से समस्याओं का समय रहते समाधान कराया जा सकता है, जिससे अनावश्यक अदालती मामलों से बचने में भी मदद मिलेगी।

जमीन खरीदने में सतर्कता बरतने की दी सलाह

कैंप में मौजूद पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को जमीन खरीदते समय धोखाधड़ी से बचने के लिए जरूरी सावधानियों के बारे में जागरूक किया गया। उन्हें संपत्ति संबंधी लेनदेन के दौरान आवश्यक दस्तावेजों की जांच करने और पूरी सतर्कता बरतने की सलाह दी गई।

इस अवसर पर जिला रक्षा सेवा कल्याण कार्यालय, बठिंडा के कर्मचारी, जिला सैनिक बोर्ड के सदस्य, पूर्व सैनिक, पूर्व सैनिकों की विधवाएं तथा उनके परिजन उपस्थित रहे।

बठिंडा से: सुरेश रहेजा, प्रवीण कुमार एवं साहिल रहेजा

[wps_visitor_counter]