दीपावली से पहले बेगूसराय की सभी खराब सोलर स्ट्रीट लाइटें होंगी दुरुस्त, लापरवाही पर एजेंसियों से होगी कटौती

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • 72 घंटे में मरम्मत नहीं होने पर प्रति खराब लाइट प्रतिदिन ₹10 की कटौती, शेष 120 लाइटों की स्थापना भी समय-सीमा में पूरी करने का निर्देश

नेशन स्टेशन न्यूज़ | बेगूसराय, बिहार।

बेगूसराय। दीपावली से पहले जिले में खराब पड़ी सभी सोलर स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कर उन्हें चालू करने का निर्देश दिया गया है। जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में सोलर स्ट्रीट लाइटों की स्थापना, मरम्मत और रखरखाव की स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में संबंधित एजेंसियों को लंबित कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा लापरवाही बरतने पर आर्थिक कटौती की कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

लक्ष्य के सापेक्ष 30,910 लाइटें स्थापित, 120 का काम बाकी

समीक्षा बैठक में बताया गया कि जिले में कुल 31,030 सोलर स्ट्रीट लाइटें स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित है। इसके सापेक्ष अब तक 30,910 लाइटें स्थापित की जा चुकी हैं, जबकि 120 लाइटों की स्थापना का कार्य अभी शेष है। जिला पदाधिकारी ने संबंधित एजेंसियों को दीपावली से पहले शेष लाइटों की स्थापना पूरी करने का निर्देश दिया।

वहीं, सीएमएस पोर्टल की समीक्षा में 72 घंटे से अधिक समय से खराब पड़ी 49 सोलर स्ट्रीट लाइटें चिह्नित की गईं। इसके अलावा 1,628 लाइटों में सिग्नल लॉस की समस्या सामने आई है। प्रशासन ने इन तकनीकी समस्याओं का जल्द समाधान करने और सभी लाइटों की कार्यप्रणाली सुचारू रखने पर जोर दिया।

72 घंटे में मरम्मत नहीं तो प्रतिदिन ₹10 की कटौती

जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय ने स्पष्ट निर्देश दिया कि खराब सोलर स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत निर्धारित 72 घंटे की समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित की जाए। तय समय में मरम्मत नहीं होने पर संबंधित एजेंसी की मेंटेनेंस राशि से प्रत्येक खराब लाइट के लिए प्रतिदिन 10 रुपये की कटौती की जाएगी।

उन्होंने एजेंसियों को नियमित निरीक्षण, तकनीकी खराबियों की समय पर पहचान और त्वरित मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सीएमएस पोर्टल पर दर्ज सिग्नल लॉस की समस्या का भी शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया, ताकि जिले में प्रकाश व्यवस्था प्रभावित न हो।

जिला प्रशासन का जोर दीपावली से पहले सभी लंबित कार्य पूरे कराने और सोलर स्ट्रीट लाइटों को सुचारू रूप से संचालित रखने पर है। अब संबंधित एजेंसियों को निर्धारित समय-सीमा में स्थापना, मरम्मत और रखरखाव का कार्य पूरा करना होगा, ताकि आम लोगों को बेहतर प्रकाश व्यवस्था का लाभ मिल सके।

नेशन स्टेशन न्यूज़ | nationstationnews.com

ब्यूरो रिपोर्ट: अभिजीत कुमार झा, बेगूसराय, बिहार

[wps_visitor_counter]