राजकीय बाकर इंटर कॉलेज में गंगा स्वच्छता की अलख, विद्यार्थियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

चित्रकला, रंगोली, भाषण और नुक्कड़ नाटक के जरिए जागरूकता; उत्कृष्ट प्रतिभागियों को मेडल, प्रमाणपत्र और शील्ड देकर किया सम्मानित

रामपुर। राज्य स्वच्छ गंगा मिशन, उत्तर प्रदेश के निर्देश एवं जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के मार्गदर्शन में जिला गंगा समिति की ओर से नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत ‘स्वच्छता ही सेवा’ एवं विशेष अभियान के तहत राजकीय बाकर इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला परियोजना अधिकारी लव कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से गंगा की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

रचनात्मक गतिविधियों से दिया स्वच्छ गंगा का संदेश

कार्यक्रम के दौरान चित्रकला, रंगोली, भाषण एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने लोगों को गंगा को प्रदूषणमुक्त रखने के लिए जागरूक किया। चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ‘स्वच्छ गंगा-हरित गंगा’ और ‘सेव एनवायरनमेंट’ विषय पर आकर्षक चित्र बनाए। वहीं, छात्राओं ने प्लास्टिक की बोतलों से चाय की केतली और कप सेट तैयार कर वेस्ट टू आर्ट की अनूठी मिसाल पेश की। रंगोली के माध्यम से ‘नमामि गंगे रामपुर’ का संदेश दिया गया। नुक्कड़ नाटक के जरिए गंगा को स्वच्छ रखने तथा कचरे का उचित निस्तारण करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

उत्कृष्ट प्रतिभागियों को किया सम्मानित, दिलाई स्वच्छता की शपथ

कार्यक्रम के समापन पर जिला परियोजना अधिकारी लव कुमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मेडल, प्रमाणपत्र एवं शील्ड देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि गंगा की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से स्वच्छ गंगा मिशन को नई मजबूती मिल सकती है।

कार्यक्रम में आर्ट ऑफ लिविंग के शुभम मिश्रा, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अंत में सभी प्रतिभागियों ने गंगा को स्वच्छ रखने तथा पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने की शपथ ली।

नेशन स्टेशन न्यूज़ | nationstationnews.com

[wps_visitor_counter]