कार्यस्थल पर महिलाओं के उत्पीड़न पर जागरूकता सत्र, पॉश अधिनियम के प्रावधानों की दी जानकारी

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • राजकीय रजा पीजी कॉलेज में महिला कल्याण विभाग ने आयोजित किया कार्यक्रम
  • सुरक्षित और सम्मानजनक कार्यस्थल सुनिश्चित करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व : प्राचार्य

नेशन स्टेशन न्यूज़ | रामपुर से शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता

रामपुर। कार्यस्थल पर महिलाओं के साथ होने वाले लैंगिक उत्पीड़न की रोकथाम और उन्हें उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से राजकीय रजा स्नातकोत्तर महाविद्यालय में जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। महिला कल्याण विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं को पॉश (POSH) अधिनियम, 2013 के प्रमुख प्रावधानों, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया और आंतरिक समिति की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग की लैंगिक विशेषज्ञ निदा जैदी और अंजू शर्मा ने कार्यस्थल पर महिलाओं का लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध और प्रतितोष) अधिनियम, 2013 के विभिन्न प्रावधानों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस कानून का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न से सुरक्षा प्रदान करना तथा शिकायतों के प्रभावी निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

विशेषज्ञों ने अनुचित व्यवहार के विभिन्न स्वरूपों की जानकारी देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण के दौरान शिकायतकर्ता की गरिमा और गोपनीयता बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और उत्पीड़न की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत शिकायत दर्ज कराने के लिए जागरूक किया।

महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. जागृति मदान ढींगरा ने कहा कि महिलाओं के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक कार्यस्थल सुनिश्चित करना सभ्य एवं प्रगतिशील समाज की पहचान है। महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और समानता का सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है।

उन्होंने कहा कि लैंगिक उत्पीड़न के प्रति जागरूकता को केवल कानूनी जानकारी तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इसे संस्थागत संस्कृति और दैनिक व्यवहार का अभिन्न हिस्सा बनाया जाना चाहिए। शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षित वातावरण तैयार करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को महिला अधिकारों, कार्यस्थल पर सुरक्षा और सम्मानजनक शैक्षणिक वातावरण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।

इस अवसर पर प्रो. मीनाक्षी गुप्ता, प्रो. सीमा तेवतिया, डॉ. जेबी नाज, डॉ. प्रतिभा श्रीवास्तव, डॉ. रेखा कुमारी और डॉ. नेहा नागपाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

[wps_visitor_counter]