- दोस्तों के साथ मछली पकड़ने गया था राहुल, पैर फिसलने से गहरे पानी में डूबा
- मिलक सीएचसी में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रामपुर। मिलक थाना क्षेत्र के रठोंडा गांव में तालाब में डूबने से 22 वर्षीय युवक राहुल की मौत हो गई। वह दोस्तों के साथ तालाब में मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के मुताबिक, राहुल अपने दोस्तों के साथ तालाब में मछली पकड़ रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूबने लगा। राहुल को डूबता देख उसके दोस्तों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे और युवक को तालाब से बाहर निकाला।
इसके बाद आनन-फानन में राहुल को सरकारी अस्पताल मिलक ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
राहुल की मौत की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। जवान बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। राहुल अविवाहित था। उसके परिवार में माता-पिता के अलावा तीन भाई और दो बहनें हैं।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस सीएचसी मिलक पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। अचानक हुई इस घटना के बाद रठोंडा गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
रिपोर्ट: शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता, रामपुर
नेशन स्टेशन न्यूज़ | nationstationnews.com


