सड़क हादसे में 65 वर्षीय वृद्ध की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  1. तेज रफ्तार टेंपो की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए शिवनाथ, लोहिया अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
  2. बेटी अर्चना ने पिता को अस्पताल में कराया था भर्ती, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

मोहम्मद इसरार, जिला संवाददाता

फर्रुखाबाद। सड़क पार करते समय तेज रफ्तार टेंपो की टक्कर से 65 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। हादसे के बाद घायल शिवनाथ को उनकी बेटी अर्चना ने डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इमरजेंसी में तैनात डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मिली जानकारी के अनुसार, शिवनाथ पुत्र गया सिंह, निवासी रघुनाथपुर, थाना अल्लाहगंज, जनपद शाहजहांपुर, रविवार शाम करीब सात बजे किसी कारण से सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान कथित तौर पर तेज रफ्तार से आ रहे एक टेंपो ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में शिवनाथ गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी बेटी अर्चना और दामाद वब्लू शाक्य के अनुसार, दुर्घटना के बाद शिवनाथ को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।

पिता की सेवा करती थी बेटी अर्चना

परिजनों के मुताबिक, शिवनाथ के कोई पुत्र नहीं हैं। उनकी दो बेटियां अर्चना और रामा हैं। अर्चना की शादी करीब 15 वर्ष पहले हुई थी, लेकिन वह अपने पिता के पास गांव रघुनाथपुर में ही रहकर उनकी सेवा करती थीं। हादसे के बाद अर्चना ही अपने पिता को अस्पताल लेकर पहुंचीं। पिता की मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

शव मोर्चरी में रखवाया, पुलिस को दी सूचना

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद शिवनाथ के शव को मोर्चरी में रखवाकर पुलिस को सूचना भेज दी गई। मामला फर्रुखाबाद के कादरी गेट थाना क्षेत्र स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल से जुड़ा है। हादसे में शामिल टेंपो चालक की पहचान, दुर्घटना की परिस्थितियों और पुलिस की आगे की कार्रवाई के संबंध में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

नेशन स्टेशन न्यूज़ | nationstationnews.com

[wps_visitor_counter]