सांसद कैंप कार्यालय पर नेताजी मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर अर्पित किए श्रद्धासुमन

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • सपाइयों ने चित्र पर पुष्प अर्पित कर दी भावभीनी श्रद्धांजलि, समाजवादी विचारधारा पर चलने का लिया संकल्प
  • किसान, मजदूर, गरीब और वंचितों की आवाज थे नेताजी: महबूब अली पाशा

रामपुर। रामपुर स्थित सांसद मोहिबुल्ला नदवी के कैंप कार्यालय पर समाजवादी पार्टी के संस्थापक, पूर्व रक्षा मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री पद्म विभूषण से सम्मानित श्रद्धेय मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि सादगी और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उपस्थित लोगों ने उनके संघर्षपूर्ण जीवन, समाजवादी विचारधारा और जनसेवा के योगदान को याद किया।

कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि एडवोकेट महबूब अली पाशा ने कहा कि श्रद्धेय मुलायम सिंह यादव केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि दबे-कुचले, शोषित और वंचित समाज की बुलंद आवाज थे। उन्होंने संघर्ष के बल पर राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। किसान, मजदूर, युवा और गरीबों के प्रति उनका समर्पण अद्वितीय था। उनका जीवन सादगी, आत्मीयता और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की भावना का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि नेताजी के बताए सिद्धांतों और समाजवादी विचारधारा पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

पूर्व राज्य दर्जा मंत्री सुरेंद्र सागर ने कहा कि मुलायम सिंह यादव का जीवन दर्शन और उनकी कार्यशैली जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं के लिए किसी विश्वविद्यालय से कम नहीं है। एक सामान्य किसान परिवार से निकलकर देश के रक्षा मंत्री और तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के पद तक पहुंचना उनकी नेतृत्व क्षमता और जनप्रियता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि नेताजी ने गांव, गरीब और किसान की समस्याओं को संसद से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाया। उन्होंने समाजवाद को केवल नारों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि अपनी सादगीपूर्ण जीवनशैली और जनकल्याणकारी कार्यों के माध्यम से उसे आगे बढ़ाया।

इस मौके पर पूर्व प्रदेश मंत्री अब्दुल सलाम साहब, शहर प्रतिनिधि अरशद अली एडवोकेट, हाफिज रफी नूरी, नासिर शेख, डॉ. उवेश खान, जमील सैफी, जुबेर अहमद, डॉ. मकतूब मुन्ना, डॉ. शादाब, डॉ. सदाकत, हारून, रियाज पाशा, इंतजार अली, धर्मेंद्र यादव, बदन सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने नेताजी के विचारों को आगे बढ़ाने और समाज के कमजोर वर्गों के हितों के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।

[wps_visitor_counter]