सुरेश रहेजा जिला संवाददाता
बठिंडा, 07 अक्टूबर। डिस्ट्रिक्ट इलेक्शन ऑफिसर-कम-डिप्टी कमिश्नर राजेश धीमान के मार्गदर्शन में जिला बठिंडा और अर्बन-92 स्वीप टीम ने आर्य गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों के सहयोग से शहर में वोटर अवेयरनेस रैली निकाली।
बाजारों में पहुंचकर बताई मतदान की अहमियत
एसडीएम अमनदीप सिंह मावी, असिस्टेंट स्वीप नोडल ऑफिसर सुभाष चंद और डॉ. मीना भारती के मार्गदर्शन में आयोजित रैली का उद्देश्य लोगों को मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक करना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा।
विद्यार्थियों ने हाथों में जागरूकता संबंधी प्लेकार्ड लेकर मतदान के महत्व से जुड़े नारे लगाए। रैली धोबी बाजार, कीकर बाजार सहित शहर के विभिन्न प्रमुख बाजारों से होकर गुजरी। इस दौरान लोगों को मतदान की अहमियत, लोकतंत्र को मजबूत करने में मतदाताओं की भूमिका और जिम्मेदार नागरिक के कर्तव्यों के बारे में जानकारी दी गई।
स्वीप टीम ने अधिकार और जिम्मेदारियां समझाईं
स्वीप टीम के सदस्यों ने नागरिकों को मतदाता के रूप में उनके अधिकारों और जिम्मेदारियों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक योग्य नागरिक का मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लेना बेहद जरूरी है।
रैली शहर के विभिन्न बाजारों से होते हुए आर्य गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल पहुंचकर संपन्न हुई। इस अवसर पर गुरबख्श लाल, जोनी सिंगला, दीपक कुमार, नीरू चावला और नवनीत सहित स्वीप टीम के सदस्य, स्कूल स्टाफ और अन्य लोग मौजूद रहे।


