- डिप्टी कमिश्नर ने 14.74 लाख मीट्रिक टन खरीद लक्ष्य की दी जानकारी
- मेयर बोले—किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगा
सुरेश रहेजा जिला संवाददाता
बठिंडा, 07 अक्टूबर। राज्य सरकार के निर्देशों के तहत जिले में 1 अक्टूबर से शुरू हुई धान की सरकारी खरीद के क्रम में बुधवार को बठिंडा की अनाज मंडी में औपचारिक रूप से धान की खरीद शुरू की गई। डिप्टी कमिश्नर राजेश धीमान और नगर निगम के मेयर पदमजीत सिंह मेहता ने धान के ढेर की नीलामी कर खरीद प्रक्रिया का शुभारंभ किया।
डिप्टी कमिश्नर राजेश धीमान ने किसानों से अपील की कि वे मंडियों में केवल सूखा धान लेकर आएं, ताकि उनकी फसल की खरीद समय पर सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बताया कि जिले में बनाए गए विभिन्न खरीद केंद्रों पर इस सीजन में 14.74 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने कहा कि धान खरीद के लिए सभी सरकारी खरीद एजेंसियों को मंडियां आवंटित कर दी गई हैं और धान भरने के लिए आवश्यक बारदाना भी उपलब्ध करा दिया गया है। प्रशासन की ओर से खरीद, लिफ्टिंग और भुगतान की प्रक्रिया को सुचारु रखने के निर्देश दिए गए हैं।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि मंडियों में किसानों की सुविधा के लिए पीने का पानी, छाया, साफ-सफाई और शौचालय जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। सभी खरीद एजेंसियों के जिला प्रबंधकों को बारदाना समय पर उपलब्ध कराने तथा खरीदे गए धान की लिफ्टिंग और किसानों को भुगतान समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम के मेयर पदमजीत सिंह मेहता ने कहा कि किसानों को उनकी फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी और धान का एक-एक दाना खरीदा जाएगा।
इस अवसर पर मार्केट कमेटी बठिंडा के चेयरमैन बाली बलजीत, फूड एंड सिविल सप्लाई ऑफिसर हर्षित मेहता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


