रामपुर। अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में पुलिस अधीक्षक रामपुर के निर्देशन में यातायात पुलिस ने ‘मीट एंड ग्रीट’ अभियान चलाकर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में बसों की सघन चेकिंग की। इस दौरान बसों के परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, चालक-परिचालक के आवश्यक दस्तावेज और निर्धारित यात्री क्षमता समेत विभिन्न यातायात मानकों की जांच की गई।
नियम तोड़ने वालों पर वैधानिक कार्रवाई
चेकिंग के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। बस चालकों और परिचालकों को यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, ओवरलोडिंग से बचने और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने के निर्देश दिए गए।
महिला यात्रियों को हेल्पलाइन की जानकारी
अभियान के दौरान यात्रियों, विशेषकर महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस ने यात्रियों को महिला हेल्पलाइन 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और आपातकालीन सेवा 112 सहित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता लेने की अपील की गई।
यात्रियों की स्वास्थ्य सुरक्षा और आकस्मिक सहायता को ध्यान में रखते हुए बसों में फर्स्ट-एड किट की उपलब्धता और उसकी स्थिति भी जांची गई। बस संचालकों को फर्स्ट-एड किट अनिवार्य रूप से उपलब्ध रखने और उसे उपयोग योग्य स्थिति में बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
यातायात पुलिस रामपुर ने यात्रियों से अपील की कि वे स्वयं भी यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी असुविधा अथवा आपात स्थिति में संबंधित हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग कर सहायता प्राप्त करें।
रामपुर से शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता


