पंजाब में 518 गौशालाओं के 100 करोड़ से अधिक के बिजली बिल माफ

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

बठिंडा। पंजाब सरकार ने राज्य की 518 गौशालाओं के 100 करोड़ रुपये से अधिक के बिजली बिल माफ किए हैं। पंजाब गौ सेवा कमीशन की वाइस चेयरमैन प्रीति भगत ने बठिंडा जिला परिषद में गौशालाओं के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी।

गौशालाओं को दवाइयां, काउ लिफ्टर और पशु चिकित्सा सुविधा

प्रीति भगत ने बताया कि सरकार गौशालाओं को मुफ्त बिजली के साथ-साथ मेडिकल सहायता और दवाइयां भी उपलब्ध करा रही है। जल्द ही करीब 2.5 करोड़ रुपये की दवाइयां गौशालाओं को मुफ्त वितरित की जाएंगी। पशुपालन विभाग के डॉक्टरों को अपने क्षेत्र की गौशालाओं का सप्ताह में कम से कम एक बार दौरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि राज्य की 518 गौशालाओं के लिए 3.06 करोड़ रुपये की लागत से काउ लिफ्टर खरीदे गए हैं। इससे गौशालाओं में घायल अथवा बेसहारा पशुओं को लाने-ले जाने में सुविधा होगी।

प्रति गाय प्रतिदिन 61 रुपये के हिसाब से चारे की व्यवस्था

उन्होंने कहा कि सरकार गौशालाओं में मौजूद पशुओं के भोजन के लिए 61 रुपये प्रति गाय प्रतिदिन के हिसाब से राशि उपलब्ध करा रही है। शहरी विकास विभाग की ओर से इस संबंध में आदेश लागू किया जा चुका है, जबकि ग्रामीण विकास विभाग की अधिसूचना जल्द जारी होने की बात कही गई।

बठिंडा में 35 गौशालाओं को रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट

बैठक के दौरान बठिंडा जिले की 35 गौशालाओं को रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट भी वितरित किए गए। इस अवसर पर म्युनिसिपल इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन जतिंदर सिंह भल्ला, एडिशनल डिप्टी कमिश्नर कंचन, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी अभिनव, पशुपालन विभाग के डिप्टी डायरेक्टर विजय कुमार, नगर निगम के ज्वाइंट कमिश्नर सुनील मेहता सहित विभिन्न गौशालाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

[wps_visitor_counter]