निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास दो शातिर चोर गिरफ्तार

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • जीआरपी ने मोबाइल, पर्स, नकदी और 11 पासपोर्ट साइज फोटो किए बरामद
  • चोरी के मुकदमों में कई दिनों से तलाश कर रही थी पुलिस टीम

अरविंद श्रीवास्तव जिला संवाददाता 

बांदा। रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी बांदा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने प्लेटफार्म नंबर-2 की ओर अतर्रा आउटर के पास निर्माणाधीन बिल्डिंग के नजदीक से दो कथित शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी का मोबाइल फोन, पर्स, नकदी और 11 पासपोर्ट साइज फोटो बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जगतपाल पुत्र लक्ष्मण पाल, निवासी डाडामऊ, थाना पैलानी, जनपद बांदा, उम्र करीब 29 वर्ष तथा रामबाबू यादव पुत्र कल्लू यादव, निवासी अलिहा, थाना बिसंडा, जनपद बांदा, उम्र करीब 37 वर्ष के रूप में हुई है।

जीआरपी के अनुसार, चोरी के मुकदमों में चोरी गए मोबाइल फोन एवं अन्य सामान की बरामदगी के लिए पुलिस टीम पिछले कई दिनों से प्रयास कर रही थी। इसी क्रम में सोमवार को टीम ने दोनों आरोपियों को निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि जगतपाल के कब्जे से रियलमी कंपनी का गहरे नीले रंग का एक मोबाइल फोन और 400 रुपये नकद बरामद हुए। वहीं रामबाबू के पास से एक पर्स, 150 रुपये नकद और मुकदमे के वादी जीतू के 11 पासपोर्ट साइज फोटो बरामद किए गए।

पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक रेलवे उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देशों के क्रम में पुलिस अधीक्षक रेलवे अनुभाग झांसी विपुल कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में की गई। पुलिस उपाधीक्षक रेलवे अनुभाग झांसी सलीम खां के पर्यवेक्षण तथा थाना जीआरपी बांदा प्रभारी निरीक्षक हरिनाथ सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

[wps_visitor_counter]