- आवारा पशुओं के लिए स्थायी व्यवस्था और वैक्सीनेशन की मांग
- डीएम के नाम सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा लिखित ज्ञापन
रामपुर। कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार को गौ सेवा अग्निवीर परिवार की ओर से गौ सेवकों ने प्रदर्शन करते हुए अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आवाज उठाई। प्रदर्शन के बाद गौ सेवकों ने जिलाधिकारी के नाम संबोधित लिखित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
गौ सेवकों का आरोप है कि क्षेत्र में लंपी वायरस से गायों के संक्रमित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं, लेकिन बीमारी की जांच और उपचार को लेकर अपेक्षित स्तर पर चिकित्सकीय ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उनका कहना है कि लगातार लापरवाही के कारण पशुओं के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ रही है।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि लंपी वायरस से प्रभावित और संदिग्ध पशुओं की तत्काल चिकित्सकीय जांच कराई जाए तथा गायों का वैक्सीनेशन कराया जाए। साथ ही सड़क और हाईवे पर घूम रहे छुट्टा पशुओं को भी वैक्सीन लगाने की मांग उठाई गई।
गौ सेवकों ने कहा कि आवारा और छुट्टा पशुओं के लिए उचित स्थान की व्यवस्था की जाए, ताकि पशु सड़कों पर न घूमे और सड़क दुर्घटनाओं के साथ-साथ पशुओं के जीवन पर भी खतरा कम हो।
ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से पशु चिकित्सा व्यवस्था को प्रभावी बनाने, लंपी वायरस की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने और छुट्टा पशुओं के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।
देखिए संवाददाता शाहबाज़ खान से गौरव सैनी की खास बातचीत।
रिपोर्ट: शाहबाज़ खान, रामपुर


