रामपुर। पुलिस अधीक्षक, रामपुर द्वारा क्षेत्राधिकारी कार्यालय टांडा का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सलामी ग्रहण कर कार्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान कार्यालय में रखे अभिलेखों, उनमें दर्ज की जाने वाली प्रविष्टियों, अभिलेखों के रख-रखाव और कार्यालय की साफ-सफाई का बारीकी से निरीक्षण किया गया। अधिकारियों से अभिलेखों के रखरखाव एवं नियमित अपडेट के संबंध में जानकारी ली गई।
विभिन्न पोर्टलों की समीक्षा, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कार्यालय में संचालित विभिन्न पुलिस पोर्टलों की भी समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अभिलेखों को व्यवस्थित रखने, पोर्टलों पर सूचनाओं को समय से अपडेट करने तथा कार्यालय की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का समयबद्ध एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश भी दिए गए।


