- बलवंत गार्गी ऑडिटोरियम में सुबह 9 बजे से होगा आयोजन, पराली प्रबंधन और फसल तकनीक पर मिलेगी विशेषज्ञ जानकारी
- पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां होंगे मुख्य अतिथि, कृषि विश्वविद्यालय व विभाग के अधिकारी भी लेंगे हिस्सा
बठिंडा, 4 अक्टूबर। किसानों को वर्ष 2026-27 की फसलों और पराली प्रबंधन से जुड़ी तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आत्मा योजना के तहत 7 अक्टूबर को जिला स्तरीय किसान मेले का आयोजन किया जाएगा। किसान मेला सुबह 9 बजे से बलवंत गार्गी ऑडिटोरियम हॉल, बठिंडा में शुरू होगा।
किसान मेले में पंजाब के कैबिनेट मंत्री स. गुरमीत सिंह खुड्डियां मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। यह जानकारी मुख्य कृषि अधिकारी श्रीमती हरप्रीत पाल कौर ने दी।
उन्होंने बताया कि किसान मेले में जिले के करीब 1500 किसानों के शामिल होने की संभावना है। मेले में पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों के साथ कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। किसान यहां फसल उत्पादन की आधुनिक तकनीकों, कृषि प्रबंधन और पराली प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी हासिल कर सकेंगे।
कृषि विशेषज्ञ किसानों को देंगे तकनीकी जानकारी
मुख्य कृषि अधिकारी ने बताया कि किसान मेले की अध्यक्षता डायरेक्टर, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, पंजाब डॉ. गुरजीत सिंह करेंगे। कार्यक्रम के दौरान किसानों को कृषि से जुड़ी नवीन तकनीकों और बेहतर प्रबंधन के तरीकों के बारे में विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में किसान मेले में पहुंचकर विशेषज्ञों से जानकारी हासिल करें और सरकार व कृषि विभाग की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं तकनीकी मार्गदर्शन का लाभ उठाएं।
रिपोर्ट: सुरेश रहेजा, प्रवीण कुमार, साहिल रहेजा


